चरखी दादरी में लूट की झूठी सूचना ने शुक्रवार रात पुलिस टीम को दौड़ा दिया। हालांकि सूचना झूठी निकली और सूचनकर्ता स्वयं ही रोड पर हंगामा करते मिले। पुलिस ने तीनों युवकों को काबू कर लिया और हंगामा करने व पुलिस को झूठी सूचना देने पर तीनों के खिलाफ बाढड़ा थाने में केस दर्ज किया गया।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिली थी कि जुई रोड पर लूट हो गई है। ये सूचना तत्काल बाढड़ा पुलिस को दी गई। इसके कुछ देर बाद ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। टीम जब बताइ गई जगइ पहुंची तो वहां तीन युवक हंगामा करते मिले। पुलिस टीम ने उन्हें काबू कर लिया और पूछताछ शुरू की। तीनों ने अपनी पहचान काकड़ोली हुक्मी निवासी जयदीप, हनुवीर और नवीन के रूप में बताई। पूछताछ करने पर उक्त युवकों ने बताया कि उन्होंने ही पैसे लूटने की झूठी सूचना दी। इस पर पुलिस टीम ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया और बाढड़ा थाने ले आई। वहां उनके खिलाफ धारा 160 और 182 के तहत केस दर्ज किया गया।