चरखी दादरी के मानकावास गांव निवासी एक व्यक्ति ने तीन युवकों और उनके साथियों पर जातिसूचक शब्द बोलने और मारपीट कर 30 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है। सदर थाना पुलिस की जांच में मारपीट और जातिसूचक शब्द संबंधी आरोप सही पाए वहीं प्रारंभिक जांच में रुपये छीनने के साक्ष्य सामने नहीं आए। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में तीनों आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में मानकावास निवासी रिंकू ने बताया कि वह चालक है। 14 जुलाई को वह सुनील को गाड़ी का हिसाब देने जा रहा था। उसकी जेब में 30 हजार रुपये और मोबाइल था। जब वह डिग्गी के पास पहुंचा तो सचिन और गौतम उसे मिल गए। वो उसे बाइक पर बैठाकर स्टेडियम से आगे ले गए। रिंकू के अनुसार वहां पहले से चार-पांच युवक मौजूद थे और उनमें से गोलू नामक युवक को वो जानता है। इसके बाद उन्होंने उसे जातिसूचक शब्द कहे और मारपीट कर नकदी छीन ली।
घायल ने बताया कि परिजनों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया और वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। उसके बयान के आधार पर सदर थाना पुलिस ने जांच कर आरोपी गोलू, गौतम और सचिन के खिलाफ धारा 191(2),191(3),115, 351(2) बीएनएस 3(2)वीए एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।