बौंदकलां। गांव सांकरोड़ के खेतों में लकड़ी एकत्रित करने गई रिश्ते में जेठानी और देवरानी से तीन अज्ञात बदमाशों ने पिस्तौल और चाकू के बल पर दिन दहाड़े सोने के जेवर छीन लिए। तीनों बदमाश वारदात को अंजाम देकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पुलिस ने युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गांव सांकरोड निवासी सुनीता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि पांच मई को सुबह वह अपनी जेठानी मूर्ति के साथ सांकरोड़- खरक रोड पर फूलपुरा माइनर के समीप से लकड़ी लेने गई थी। सुबह के करीब साढ़े नौ बजे वे दोनो लकड़ियां एकत्रित करने के बाद गट्ठा के रूप में बांध रही थीं। इसी बीच तीन लड़के उनके पास आए। उन्होंने शिव मंदिर जाने का रास्ता पूछा। इसी बीच एक युवक ने जेब से पिस्तौल निकाला जबकि दूसरे लड़के के हाथ में चाकू था। तीसरा युवक भी उनके साथ खड़ा था। इन युवकों ने देवरानी- जेठानी से अपने कानों के बॉली निकालने को कहा। महिलाओं ने भय के मारे अपने कानों की बालियां निकाल बदमाशों को सौंप दी। बदमाशों ने चाकू से एक महिला के गले की ताबीज भी काट दी। युवकों ने बाइक सड़क पर खड़ी कर रखी थी। तीनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव सांकरोड़ की ओर भाग गए। पुलिस ने सुनीता के बयान पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है।