बौंदकलां। गांव रानीला स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बतौर चौकीदार (पार्ट टाइम) तैनात एक अधेड़ स्कूल मे बने कमरे में मृत मिला है। बौंदकलां थाना पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में कराया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार गांव नरसिंहावास निवासी अशोक काफी समय से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानीला में पार्ट टाइम चौकीदार के पद पर लगा था। वह भिवानी रहता था। सिविल अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि बुधवार शाम करीब छह बजे वह स्कूल आने के लिए घर से चला था। वीरवार सुबह एक शिक्षक स्कूल पहुंचा तो उसे अशोक एक कमरे में मृत मिला। इसके बाद उक्त शिक्षक ने मामले की जानकारी प्रधानाचार्य, पुलिस व अन्य स्टाफ सदस्यों को दी। सूचना मिलते ही बौंदकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, मामले का पता चलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अशोक का पोस्टमार्टम दादरी सिविल अस्पताल में कराया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल अमित ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।