चरखी दादरी। वार्ड-18 स्थित नवनिर्मित पार्क के नामकरण को लेकर 11 पार्षदों ने एतराज उठाया है। सोमवार को लामबंद होकर पार्षद इस मामले में एडीसी एवं नगर आयुक्त डॉ. जयेंद्र छिल्लर से मिले। पार्षदों ने बताया कि नगर आयुक्त ने पार्क से नेम प्लेट हटाने के आदेश कर्मचारियों को दिए हैं।
नगर पार्षदों ने पार्षद मनोज वर्मा के कार्यालय में पत्रकार वार्ता भी की। उन्होंने बताया कि वार्ड-18 व 19 की बाउंड्री पर पीएनबी के सामने नगर परिषद की ओर से कुछ समय पहले ही पार्क का निर्माण करवाया गया है। इस पार्क का नामकरण नगर परिषद के चेयरमैन ने किसी के दबाव में आकर कर दिया। पार्षदों का कहना है कि जिसके नाम से पार्क का नामकरण किया गया, वो कोई बड़ी शख्सियत भी नहीं है। उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त ने पार्क से नेम प्लेट हटाने के आदेश दे दिए जबकि अधिकारियों ने ये मामला संज्ञान में न होने का तर्क दिया। प्रेसवार्ता में पार्षद जयसिंह लांबा, पार्षद मनोज वर्मा, नवीन प्रजापत, विनोद सिंहमार, अजय, सतबीर चौहान, सुधीर स्वामी समेत पार्षद प्रतिनिधि नरेंद्र दहिया व जितेंद्र मौजूद रहे।
स्ट्रीट लाइटों की कम दूर करने की उठाई मांग
पार्षदों ने बताया कि उन्होंने नगर आयुक्त से वार्डाें में स्ट्रीट लाइटों की कमी दूर करवाने की मांग भी उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि डी-प्लान के तहत लगवाई जा रही स्ट्रीट लाइटों में भी भेदभाव किया जा रहा है।
नगर आयुक्त ने कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
नगर आयुक्त डॉ. जयेंद्र छिल्लर ने सोमवार सुबह नगर परिषद कार्यालय पहुंचते ही विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण भी किया। नगर आयुक्त ने हाजिरी रजिस्टर भी चेक किए। जांच के दौरान नगर आयुक्त को कुछ कर्मचारियों ड्यूटी से नदारद मिले, जिन्हें कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा।