चरखी दादरी। कोरोना की तीसरी लहर में पहली बार एक दिन में संक्रमित मिले लोगों से ज्यादा मरीज स्वस्थ हुए हैं। वीरवार को जिले में 82 संक्रमित जहां स्वस्थ हुए है, वहीं 72 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वीरवार को शहर के मुकाबले गांवों में तीन गुना अधिक केस मिले हैं। जिले में चार बच्चे और 28 महिलाएं भी संक्रमित मिली हैं।
जिले में अब गुच्छों में कोरोना पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं। वीरवार को शहर में 19 और गांवों में 53 केस मिले हैं। नए संक्रमितों में ज्यादातर 30 से 50 वर्ष के हैं और इन सभी को विभाग ने ट्रेस कर लिया है। इनमें एक चिकित्सक भी शामिल है।
इसके साथ ही 82 संक्रमितों ने कोरोना की जंग में जीत हासिल की है। वीरवार को 671 नए सैंपल लिए गए और फिलहाल 578 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है। अब तक 5707 संक्रमित मिले हैं, जिनमें से 5220 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं, जबकि 348 सक्रिय मामले हैं।
शहर के इन क्षेत्रों में मिले पॉजिटिव केस
बाला वाला मंदिर क्षेत्र, झज्जर घाटी, लोहारु रोड, वार्ड-18, वार्ड-19, लाधान पाना, पुरानी अनाज मंडी, जांगड़ा मार्केट, मेजबान चौक क्षेत्र, गांधी नगर और वार्ड चार में वीरवार को 19 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
इन गांवों में भी सामने आए मामले
शीशवाला, मंदोला, तिवाला, झोझूकलां, मिसरी, पिचोपा कलां, काकड़ोली हट्ठी, खेड़ी बूरा, खाचरौली, बिगोवा, ढाणी फौगाट, रामनगर, बिगोवा, रावलधी, अटेला नया, पैंतावास कलां, घसोला, बडराई, लांबा, रानीला, बौंदकलां, अचीना, सांवड़, रामबास, छपार, रासीवास, गोपी, मानकावास, काकड़ोली हुक्मी और खोरड़ा आदि गांवों में भी कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं।
एक दिन में 8.98 प्रतिशत बढ़ा रिकवरी रेट
वीरवार को जितने नए केस मिले हैं उससे अधिक संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है। बुधवार की अगर बात करें तो जिले का रिकवरी रेट 35.67 प्रतिशत था जो वीरवार को 82 संक्रमित स्वस्थ होने से 8.98 प्रतिशत बढ़कर 44.65 प्रतिशत हो गया।
वीरवार को जिले में कोरोना के 72 नए केस मिले हैं जबकि 82 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। फिलहाल 578 सैंपल की रिपोर्ट लंबित हैं।
डॉ. सुदर्शन पंवार, सीएमओ, चरखी दादरी