जिले में 16 जनवरी से कोरोना वैक्सीनेशन की शुरूआत की जाएगी। इसके लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सिविल अस्पताल में जिला वैक्सीन स्टोर बनाया गया है जो आईएलआर और डीप फ्रिजर से युक्त है। वैक्सीन स्टोर में टेंपरेचर लॉगर भी इंस्टॉल कर दिए गए हैं। 14 जनवरी को जिला स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन की पहली खेप पहुंचने की उम्मीद है। सीएमओ सुदर्शन पंवार ने सोमवार को जिला वैक्सीन स्टोर का निरीक्षण किया और वैक्सीनेशन प्रोग्राम इंचार्ज एवं डिप्टी सीएमओ आशीष मान से तैयारियों की जानकारी ली।
बता दें कि कोरोना टीकाकरण का गत सात जनवरी को जिला स्वास्थ्य विभाग ने डाश्ई रन किया था। डीसी राजेश जोगपाल ने स्वयं ड्राई रन में हिस्सा लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं में थोड़ा बदलाव करवाया था जबकि बाकी तैयारियों से पूर्णतया संतुष्ट नजर आए थे। डिप्टी सीएमओ आशीष मान और डब्ल्यूएचओ एसएमओ डॉक्टर अपूर्वा ने बताया कि अगले दो-तीन दिन के अंदर में जिला कोरोना वैक्सीन की खेप पहुंच जाएगी। 16 जनवरी से टीकाकरण की शुरूआत होगी।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में 2743 सरकारी और गैर सरकारी स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी। पहले चरण के लिए जिले में तीन कोविड वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि एक सेंटर दादरी सिविल अस्पताल में, दूसरा बाढड़ा पीएचसी में और तीसरा बलकरा पीएचसी में बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सभी 2743 स्वास्थ्यकर्मियों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। रजिस्ट्रेशन के बिना किसी को वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी।
जिला और ब्लॉक टास्क फोर्स रखेगी टीकाकरण पर निगरानी
कोरोना वैक्सीनेशन के लिए जिला उपायुक्त राजेश जोगपाल ने जिला टास्क फोर्स और ब्लॉक टास्क फोर्स का गठन कर दिया है। जिला टास्क फोर्स के इंचार्ज स्वयं उपायुक्त हैं जबकि ब्लॉक टास्क फोर्स का इंचार्ज एसडीएम या तहसीलदार को बनाया गया है। एईएफआई टीम साइड इफैक्ट पर नजर रखेगी।
- तीन दिवसीय पोलियो अभियान किया स्थगित
डिप्टी सीएमओ आशीष मान ने बताया कि जिला में 17 से 19 जनवरी तक सघन पोलिया उन्नमूलन अभियान चलाया जाना था। इसके तहत बच्चों को पोलियो की ड्रॉप्स पिलाई जानी थी। उन्होंने बताया कि कोरोना वैक्सीनेशन के चलते तीन दिवसीय पोलिया अभियान स्थगित कर दिया गया है।
इन चार चरणों में होगी वैक्सीनेशन
- पहले चरण में 2739 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी।
- दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन दी जाएगी।
- तीसरे चरण में 55 साल से कम लेकिन बीमारी से ग्रस्त व्यक्तियों को वैक्सीन दी जाएगी।
- चौथे चरण में 55 साल से अधिक आयु के लोगों को वैक्सीन दी जाएगी।
वैक्सीनेशन की तैयारियां हमारी पूरी हैं। मैंने तैयारियों का जायजा लिया है। जिला वैक्सीन स्टोर भी हमने तैयार कर दिया है। दो-तीन दिन के अंदर वैक्सीन पहुंच जाएंगी।
-सुदर्शन पंवार, सीएमओ