चरखी दादरी। शहर में वीरवार को हुई 25 एमएम बारिश का पानी शुक्रवार शाम तक मुख्य मार्गों और कॉलोनियों की गलियों में भरा रहा। कई वार्डों में सीवर की लाइनें इस अतिरिक्त पानी का दबाव नहीं झेल पाईं। हालांकि कुछ जगहों पर जन स्वास्थ्य विभाग ने पंप सेट और मोटरों के जरिये पानी का उठान किया, लेकिन अभी भी कई गलियां इससे अछूती हैं। दूसरी ओर जलभराव के चलते लोगों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ा।
वीरवार को लगी बारिश की झड़ी ने सीवर व्यवस्था और बरसाती नालों की पोल खोलकर रख दी। बारिश के 24 घंटे बाद भी शहर की कई कॉलोनियों की गलियां और सड़कों पर पानी भरा रहा। एक फुट तक पानी भरा रहने के चलते लोगों को आवागमन में दिक्कतें हुईं। दूसरी ओर जन स्वास्थ्य विभाग का तर्क है कि शहर के ज्यादातर मुख्यमार्गों से पानी की निकासी हो चुकी है और जिन क्षेत्रों में जलभराव है, वहां से भी जल्द पानी की निकासी करवा दी जाएगी।
जलभराव की अगर बात करें तो रोहतक रोड भी इससे अछूता नहीं रहा। इस मार्ग पर रेलवे मोड़ से ठीक पहले डीसी और अन्य अधिकारियों के आवास के बाहर पानी भरा रहा। इसी प्रकार पीएनबी के साथ से गुजरने वाली शनि मंदिर वाली गली से भी पानी की निकासी नहीं हो पाई। वार्ड-14 की मुख्य सड़क पर भी बारिश का पानी भरा रहा और इसके चलते स्थानीय लोगों व वाहन चालकों को दिक्कतें झेलनी पड़ी। वहीं, मथुरी घाटी क्षेत्र में भी सीवर व्यवस्था बेपटरी है, जिसके चलते अभी तक बारिश के पानी की निकासी नहीं हो पाई।
- पंप सेट की ली देरी से सुध, शहरवासी भुगत रहे खामियाजा
जन स्वास्थ्य विभाग ने समय रहते अपने संसाधनों को दुरुस्त नहीं किया और इसका खामियाजा शहरवासी भुगत रहे हैं। छह पंप सेट और मोटर विभाग ने सर्विस के लिए भेजे हुए हैं जबकि यह कार्य प्री-मानसून के दौरान ही करवा लेना चाहिए था।
लोग बोले : पानी निकासी के साथ सीवर व्यवस्था में सुधार करे विभाग -
शहर निवासी मांगेराम, सतीश, अजय, नरेश, मनोज, नितिन, मोनू, रवि, कृष्ण, बृजेश, संजय, रघुवीर और परमानंद का कहना है कि विभाग और प्रशासन को पानी निकासी के साथ सीवर व्यवस्था में सुधार करना चाहिए। सीवर लाइनें ब्लॉक होने के कारण मैनहोल बैक मार रहे हैं और पानी घरों के सामने भरा हुआ है।