बाढड़ा। गोपी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने निरीक्षण किया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट को साथ लेकर पहुंची टीम को सीएचसी से एसएमओ समेत दंत चिकित्सक और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नदारद मिला। वहीं, टीम ने निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
बता दें कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर नायब तहसीलदार अमित यादव मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के साथ मौजूद रहे। वहीं, उड़नदस्ते में नरेंद्र कुमार, जयप्रकाश सांगवान, उपनिरीक्षक दिनेश सांगवान मौजूद रहे। टीम ने सुबह के समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर चिकित्सा सुविधाओं का भी जायजा लिया। इसके बाद टीम ने कर्मचारियों के उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। टीम को एसएमओ, दंत चिकित्सक व एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीएचसी से नदारद मिले। टीम ने दवा भंडारण केंद्र व अन्य चिकित्सा सुविधाओं के रिकाॅर्ड आदि की जांच भी की।
गांधीनगर में 31 यूनिट रक्तदान, 167 ने करवाई स्वास्थ्य जांच
चरखी दादरी। माॅडल दादरी जिला बनाओ संगठन की ओर से गांधीनगर कॉलोनी में रक्तदान अैर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। जतिन श्योराण की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में आरती मुख्य अतिथि रहीं। इस दौरान एम्स बाढसा की टीम ने 31 यूनिट रक्त एकत्रित किया।
शिविर में कंप्यूटर सेंटर के विद्यार्थियों और स्टाफ ने रक्तदान किया। चिकित्सकों ने आंखों के रोग और सामान्य बीमारियों की जांच की। शिविर में 167 मरीजों की जांच कर जरूरतमंद मरीजों को दवा भी बांटी गई। संगठन की युवा इकाई के अध्यक्ष अधिवक्ता अनिल साहू ने कहा कि सामाजिक कार्यों में युवाओं और विद्यार्थियों की सहभागिता से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। इस अवसर पर संजीव घनघस, सचिन गौतम, जगदेव कलकल, संदीप, नितिन गोयल, अनुज गोयल, विकास राणा, विकास गुप्ता, प्रियंका, रितिका, राकेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।