चरखी दादरी। बिगोवा में स्वास्थ्य विभाग की अनुमति और डिग्री बिन चल रहे क्लीनिक का मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने भंड़ाफोड़ किया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने इस पर संज्ञान लेकर क्लीनिक में मिली दवाओं और उपकरणों को सील कर पुलिस को सौंप दिया। टीम ने संचालक पर कार्रवाई करने की सिफारिश भी पुलिस विभाग से की है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को गुप्त सूचना मिली थी कि बिगोवा में स्वास्थ्य विभाग की अनुमति और चिकित्सक की डिग्री बिना ही क्लीनिक चलाया जा रहा है। यहां बिगोवा समेत आस-पास के गांवों से भी मरीज उपचार करवाने पहुंचते हैं। इस पर संज्ञान लेकर स्वास्थ्य विभाग और गुप्तचर विभाग को साथ लेकर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने दोपहर सवार तीन बजे क्लीनिक पर दबिश दी। एसएमओ डॉ. उदयभान भी कार्रवाई का हिस्सा रहे।
संयुक्त टीम की जांच में सामने आया कि क्लीनिक किराये पर मकान लेकर चलाया जा रहा है। रेड के दौरान मौके पर मिले क्लीनिक संचालक से टीम ने जब अनुमति पत्र और डिग्री मांगी तो वो पेश नहीं कर पाया। वहीं, जांच करने पर टीम को यहां दवाएं और उपकरण भी मिले, जिन्हें सील कर पुलिस विभाग को सौंपा गया।
विज्ञापन
- एसएमओ ने पुलिस को दी शिकायत
दबिश के दौरान उजागर हुईं अनियमितताओं पर संज्ञान लेकर एसएमओ डॉ. उदयभान ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। शिकायत के जरिये बिना अनुमति व डिग्री के क्लीनिक चलाने वाले शख्स पर कार्रवाई करने की सिफारिश की गई है।