गांव उमरवास के पास सड़क पर पलटी घायलों की स्कोर्पियाे।
- फोटो : संवाद
हरियाणा के चरखी दादरी में बाढड़ा क्षेत्र के उमरवास गांव के समीप रविवार की रात दो बजे बरातियों की कार पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसमें दो लोगों को गोली लगी है। बराती भी स्कॉर्पियो में सवार थे। हंसवास के समीप साइड को लेकर दोनों स्कॉर्पियो सवारों में कहासुनी हुई थी।
इसके बाद हमलावरों से बचने के लिए बरातियों ने स्कॉर्पियो भगाई, लेकिन गाड़ी उमरवास के समीप पलट गई, जहां दूसरी स्कॉपियो में सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग की दी। इसमें दो बरातियों को गोली लगी। उन्हें रोहतक पीजीआई व हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बाढड़ा थाना पुलिस ने घायल के बयान पर हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास और सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में स्कॉर्पियो चालक राहुल ने बताया कि रविवार को भिवानी के बवानीखेड़ा से महेंद्रगढ़ के सतनाली क्षेत्र स्थित जड़वा गांव में बरात आई थी। वह अपनी स्कॉर्पियो में बरातियों को लेकर आया था। बारात में शरीक होने के बाद वह खरकड़ी निवासी दिनेश व हेमंत के साथ वापस बवानी खेड़ा लौट रहा था।
जब वो हंसावास के समीप पहुंचे तो एक अन्य स्कॉर्पियो के चालक ने उनकी गाड़ी को साइड मारने का प्रयास किया। उसी दौरान उनकी कहासुनी हो गई। राहुल ने बताया कि इसके बाद दूसरी स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने हवाई फायर किया। डर के कारण उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो भगा ली। इसके बाद दूसरी स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने उनका पीछा किया।
उमरवास के समीप पहुंचकर उनकी गाड़ी पलट गई। राहुल ने बताया कि गाड़ी पलटने के बाद दूसरी स्कॉर्पियो आकर रुकी। उसमें युवक नीचे उतरे और उनकी गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी। उसी दौरान दिनेश और हेमंत गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए भिवानी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें रेफर किया गया। इसके बाद दिनेश को रोहतक पीजीआई व हेमंत को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
स्कॉर्पियो चालक राहुल के बयान पर बाढड़ा थाना पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास और सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीमें हमलावरों की तलाश में जुट गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- देशराज, डीएसपी, बाढड़ा