20 जनवरी को मोरवाला के पास हुआ था हादसा, घायल के बयान पर पुलिस ने दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
बौंदकलां। गांव मोरवाला के पास बाइक सवार को टक्कर मारने के आरोपी मिनी ट्रक चालक पर बौंदकलां थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल सुनील कुमार के बयान के लिए अनफिट होने के कारण केस दर्ज करने में देरी हुई और अब पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में सुनील कुमार ने बताया कि वह बास रानीला का निवासी है। मोरवाला में सीएससी चलाता है। 20 जनवरी को वह बाइक लेकर दुकान गया था। रोज की तरह शाम को दुकान बंद कर घर लौट रहा था।
इसी बीच रात करीब सात बजे जब वह मोरवाला चौक पर पहुंचा तो अचीना की ओर से आए एक छोटे हाथी यानी मिनी ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह दूर जाकर गिरा और आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। बाद में उसने अपने परिजनों को फोन किया और घटना की सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने उसे हिसार अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां पर पुलिस बयान दर्ज करने पहुंची तो चिकित्सकों ने अनफिट बताया। इसके चलते सुनील के बयान दर्ज नहीं हो पाए। अब घायल ने स्वस्थ होकर पुलिस को शिकायत दी है। आरोपी चालक का पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है।