चरखी दादरी। चरखी स्थित भाखड़ा व्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) पावर सब स्टेशन को अपग्रेड किया जाएगा। इसकी क्षमता 100 से बढ़ाकर 160 एमवीए की जाएगी। यहां एक और हब पावर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इसके लिए स्वीकृति मिल गई है। पावर सब स्टेशन की क्षमता बढ़ने से लोड कम होगा। इससे नए बिजली कनेक्शनों की संख्या भी बढ़ाई जा सकेगी। इस योजना से एक लाख उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर फायदा मिलेगा।
बीबीएमबी पावर सब स्टेशन से शहर व गांवों में बिजली आपूर्ति की जा रही है। शहर में करीब 50 प्रतिशत क्षेत्र में सीधी सप्लाई होती है, जबकि बाकी क्षेत्र में विभिन्न गांवों में बने 33 केवीए पावर सब स्टेशनों के जरिये आपूर्ति की जाती है। पावर सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाने के लिए हिसार हेड ऑफिस से मंजूरी मिल गई है। सब स्टेशन की क्षमता इस समय 100 मेगावाट की है। अब इसे बढ़ाकर 160 मेगावाट किया जाएगा। इसके तहत यहां एक और हब पावर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। बीबीएमबी की क्षमता बढ़ने पर पांच 33 केवीए पावर सब स्टेशनों का लोड भी कम हो जाएगा। संवाद
750 लाख यूनिट है मासिक खपत
जिले की बिजली की मासिक खपत 750 लाख यूनिट है। बिजली आपूर्ति के लिए 11160 ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। बिजली निगम उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने के साथ ही क्षमता बढ़ाने की दिशा में भी समानांतर काम कर रहा है। अब तक जिले के तकरीबन सभी ग्रामीण पावर सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई जा चुकी है। शहर में भी रेलवे रोड पर बने एक अन्य पावर सब स्टेशन की क्षमता एक साल पहले बढ़ चुकी है। गांव घसोला, मकड़ाना, मकड़ानी, मोरवाला, बाढड़ा पावर सब स्टेशन की क्षमता भी बढ़ाई जा चुकी है।
रानीला और संतोखपुरा में बन रहे नए पावर सब स्टेशन
बिजली निगम इस समय जिले के तीन और गांवों में 33 केवीए क्षमता के पावर सब स्टेशन बनवा रहा हैं। इनमें से रानीला और संतोखपुरा में नए पावर सब स्टेशन निर्माण का कार्य शुरू हो गया है।
वर्जन:
बीबीएमबी पावर सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाने के लिए मंजूरी मिल गई है। सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाकर 100 से 160 मेगावाट की जाएगी। इससे शहर व गांवों में कनेक्शनों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी और कम वोल्टेज की समस्या से छुटकारा मिल सकेगा। शहर व गांवों में लोड की समस्या कम हो जाएगी। इसके लिए हब पावर ट्रांसफार्मर की मांग भेज दी है जैसे ही ट्रांसफार्मर मिल जाता है इसे लगा दिया जाएगा। - पुष्पेंद्र कुमार, मुख्य अभियंता, दक्षिण हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम, हिसार।