चरखी दादरी। गांव बधवाना के समीप स्थित पेट्रोल पंप के सामने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में दम तोड़ने वाले मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के दोस्तपुर गांव निवासी दुर्गा प्रसाद (45) के रूप में हुई है। झोझूकलां थाना पुलिस ने वीरवार सुबह सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया और आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
हादसे के वक्त मृतक के साथ मौजूद जितेंद्र ने पुलिस बयान में बताया कि दुर्गा प्रसाद घसौला निवासी अपने दोस्त के पास से दो दिन पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर गया था। बुधवार शाम वो ट्रैक्टर-ट्रॉली वापस देने के लिए घसौला आ रहा था और वो भी उसके साथ था। रात को अंधेरा होने के कारण उन्हें रास्ता समझा नहीं आया। बधवाना के समीप स्थित एक पट्रोल पंप के सामने पहुंचने के बाद दुर्गा प्रसाद रास्ता पूछने के लिए ट्रैक्टर से नीचे उतर गया। वो सड़क पार ही कर रहा था कि उसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में दुर्गा प्रसाद सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही झोझू कलां थाना पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची अैर शव को कब्जे में ले लिया। वीरवार सुबह पुलिस ने कागजी कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। जितेंद्र के बयान के आधार पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ धारा 279 व 304-ए के तहत केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- संजय कुमार, जांच अधिकारी एवं हेड कांस्टेबल, झोझू कलां थाना