चरखी दादरी। गेट पास व बार-बार लिए जा रहे गेट पास प्रक्रिया के खिलाफ सब्जी मंडी के आढ़तियों ने अपनी आवाज पुख्ता कर ली है। रविवार को दादरी सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन ने गेट को ताला जड़ दिया और धरना देकर रोष जताया। आक्रोशित आढ़तियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आढ़तियों ने जल्द मांगें पूरी न होने पर निकाय चुनाव का विरोध करने की चेतावनी भी दी है।
हरियाणा सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन जांघू व मंडी प्रधान नंदलाल ठुकराल की अगुवाई में आढ़ती सुबह नौ बजे मंडी में एकत्र हुए और इसके बाद मेन गट को ताला लगा दिया। आढ़तियों ने गेट के समीप ही धरना शुरू कर दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इतना ही नहीं आढ़तियों ने काले बिल्ले लगाकर रोष जाहिर किया। एसोसिएशन ने शीघ्र उनकी मांगों को पूरा करने की मांग की है।
नितिन जांघू ने कहा कि सरकार द्वारा फल-सब्जी पर लगने वाले दो प्रतिशत टैक्स को हटाने की घोषणा की गई थी। कृषि मंत्री ने स्वयं फल-सब्जी को टैक्स फ्री करने की घोषणा की थी। उन्होंने उस दौरान कहा था कि आढ़तियों को लाइसेंस लेते समय पूरे साल की फीस केवल एक ही बार देनी होगी। लेकिन घोषणा के बावजूद भी इसको लागू नहीं किया गया। आढ़तियों को बार-बार टैक्स के नाम पर परेशान किया जा रहा है। जांघू ने कहा कि सब्जी मंडी में आने वाले कच्चे माल पर गेटपास किसी भी हालात में लागू नहीं किया जा सकता है। लेकिन बीते करीब एक सप्ताह से स्थानीय सब्जी मंडी के आढ़तियों पर गेटपास थौंपा जा रहा है, जिसे वे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।
- बड़े आंदोलन के लिए तैयार हैं आढ़ती
नितिन जांघू और नंदलाल ठुकराल ने कहा कि गेटपास व दो प्रतिशत टैक्स को शीघ्र बंद करने की मांग परवान नहीं चढ़ाई गई तो फिर आढ़ती बड़े आंदोलन के लिए भी तैयार हैं। इसकी रूपरेखा भी जल्द तैयार कर ली जाएगी। काले बिल्ले बांधकर बैठक आढ़तियों ने कहा कि जल्द उनकी मांगें पूरा नहीं की गई तो आगामी 19 जून को होने वाले निकाय चुनाव में वे सरकार का विरोध करेंगे।
- ये आढ़ती रहे मौजूद
इस अवसर पर जयवीर रावलधी, राजकुमार सैनी, मंजीत चरखी, वेदप्रकाश, शंकर, राहुल, विपिन, मुकेश, दीपक, विजय, नरेश, जगबीर, रामौतार, कृष्ण, शशि, मनोज, ईश्वर, प्रवेश कुमार, रामकिशन, पवन, राधे दूधवा,महेश, सोमेश आदि मौजूद रहे।