खेतोंमें जलभराव की समस्या को लेकर डीसी से मिलने पहुंचे समसपुर के ग्रामीण।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। गांव समसपुर के खेतों में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का पानी भरने से किसानों को खासी परेशानियों के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को पंचायत की। इसके बाद ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त श्यामलाल पूनिया को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार गांव समसपुर में स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कारण आसपास के खेतों में दूषित पानी भरा रहता है। लगातार जलभराव रहने के कारण फसलें बर्बाद हो जाती हैं व किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। मानसून सीजन के दौरान तो यहां सैकड़ों एकड़ फसल खराब हो जाती है। समस्या को लेकर ग्रामीण पहले भी कई बार ज्ञापन व आंदोलन का रास्ता अपना चुके हैं लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं पाने के कारण ग्रामीणों का विभाग व प्रशासन के खिलाफ रोष बना हुआ है।
ग्रामीणों ने निवर्तमान सरपंच कृष्ण कुमार व पंच रमेश कुमार की अगुवाई में पंचायत आयोजित की जिसमें गांव के दूसरे मुद्दों के अलावा एसटीपी से खेतों में भरने वाले दूषित पानी की समस्या पर प्रमुखता से विचार-विमर्श किया गया।
ग्रामीण रमेश, कृष्ण, भूपेंद्र, हंसराज, रमेश, कुलबीर, प्रवीन, लीलाराम, बिजेंद्र, बलजीत, संजय, ढिल्लू, रामफल आदि ने लघु सचिवालय पहुंचकर जिला उपायुक्त श्यामलाल पूनिया को ज्ञापन सौंपकर पानी निकासी का उचित प्रबंध करने की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि इस दौरान उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से पंचायत कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेंगे। पंचायत में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से मौजूदा सीजन में धान की फसल की रोपाई नहीं करने का निर्णय लिया है।