सीटीएम आशीष सांगवान को ज्ञापन सौंपते भारतीय किसान यूनियन का प्रतिनिधिमंडल।
चरखी दादरी। जलघरों के टैंक सूखे होने से जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराया हुआ है। बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ सीटीएम आशीष सांगवान को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विभाग पर आमजन के बजाय अपने चहेतों, राजनेताओं और अधिकारियों के घर टैंकर भेजने का आरोप लगाया गया।
एमएसपी खरीद गारंटी कानून मोर्चा हरियाणा संयोजक जगबीर घसौला ने कहा कि गर्मी में शहर के नागरिक बिजली और पीने के पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं। जिला प्रशासन और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के पास झूठे आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं है। आमजन हर रोज प्रदर्शन करने पर मजबूर हैं लेकिन अधिकारी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अपने चेहते लोगों के ठेकेदार के माध्यम से टैंकर लगाए हुए हैं, जो आपसी साठगांठ से फर्जीवाड़ा करके प्रतिमाह लाखों रुपये के बिल तैयार करके प्रदेश सरकार को चूना लग रहे हैं। टैंकरों के माध्यम से दिखावे के लिए जो खानापूर्ति की जा रही है उसमें भी अधिकारी अपना उल्लू सीधा कर रहे हैं। भाकियू प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव रणबीर घिकाड़ा, चांद रानीला, रोशनलाल समेत अन्य लोग शामिल रहे।