चरखी दादरी। दहशत फैलाने के इरादे से बुधवार देर शाम घिकाड़ा निवासी एक युवक के मकान के बाहर हवाई फायरिंग करने का मामला सामने आया है। मकान मालिक ने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है, जिसमें रावलधी और प्रेम नगर निवासी दो युवकों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ 120-बी समेत सशस्त्र अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में घिकाड़ा निवासी सुमियल ने बताया कि वो घिकाड़ा, साहूवास और पैंतावास शराब ठेकों से कैश इक्ट्ठा करता है। इन ठेकों का संचालन फतेहगढ़ निवासी अमित करता है। सुमियल ने बताया कि एक दिसंबर की रात करीब आठ बजे वो अपने घर की छत पर था। इसी दौरान दो युवक वहां आए और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त युवकों ने दहशत फैलाने के इरादे से मकान के बाहर हवाई फायरिंग की।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके बाद उसके परिजनों ने शोर मचाया और उसने छत से ईंटें फेंकनी शुरू की तो आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके तुरंत बाद मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए। सुमियल ने बताया कि फायरिंग करने वाले युवकों ने अपनी कार जोहड़ के समीप खड़ी की हुई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार गत 14 नवंबर को अमित के चचेरे भाई की गांधी नगर में शादी थी और वहां नाचने को लेकर अमित का रावलधी निवासी सचिन उर्फ रोट व गांधी नगर निवासी अंकित कलकल से झगड़ा हो गया था। उस झगड़े में उसने बीच-बचाव किया था और उसे संदेह है इसका बदला लेने के लिए ही उसके घर के बाहर फायरिंग की गई। सुमियल की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने अंकित कलकल और सचिन उर्फ रोट के खिलाफ धारा 120-बी व 285 समेत आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।