मोरवाला में आयोजित पंचायत में मौजूद ग्रामीण।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। गांव मोरवाला में मंगलवार को टोल प्लाजा के कर्मचारियों की मनमानी के विरोध में पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में ग्रामीणों ने टोल के नाम पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने पंचायत में बताया कि कर्मचारी आसपास के गांवों के ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं और विरोध करने पर कुछ असामाजिक तत्वों को बुलाकर गुंडागर्दी करते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिन पहले भी इन लोगों ने ग्रामीणों के साथ मारपीट की थी, जिससे आसपास के गांवों में काफी रोष पनप रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 15 दिनों में टोल प्लाजा पर कार्यरत कर्मचारियों पर पांच मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। इसके लिए पंचायत में सरकार से टोल स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पंचायत में सर्वसम्मति से सहमति बनी कि यदि सरकार ने जल्द ही कोई सख्त कार्रवाई नहीं की तो खाप पंचायत बुलाकर कड़ा निर्णय लिया जा सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। पंचायत में सरपंच जयकिशन, सुखबीर नंबरदार, सुरेंद्र नंबरदार, राजेश प्रधान, अशोक प्रधान, कैप्टन मुख्यतार सिंह, मन्नू धनखड़, अनिल धनखड़, प्रताप सिंह, अनूप सिंह, आनंद सिंह, सत्यदेव, मनोज, नीटू, चरण सिंह व सत्य नारायण समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।