चरखी दादरी। हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के आह्वान पर जिले में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर सोमवार को हड़ताल पर रहे। इसके चलते सरल केंद्र समेत विभिन्न विभागों से जुड़ीं करीब 400 से अधिक सेवाएं प्रभावित रही। सुबह के समय काम करवाने पहुंचे लोग ऑपरेटर सीट पर न मिलने से बिन काम करवाए ही लौट गए। हड़ताल के चलते सोमवार को एक हजार लोगों को काम करवाए बिना ही वापस लौटना पड़ा।
कंप्यूटर ऑपरेटर की हड़ताल के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के आह्वान पर ऑपरेटर्स ने सुबह 9 बजे हड़ताल और धरना शुरू किया। इसके चलते दादरी सरल केंद्र के अलावा बाढड़ा और बौंदकलां उपतहसील कार्यालय में भी कामकाज प्रभावित रहा और लोगों को समस्याओं से दो-चार होना पड़ा। वहीं, मंगलवार को भी स्थिति सोमवार जैसी ही रहने की उम्मीद है।
दादरी की बात करें तो 75 कंप्यूटर ऑपरेटर्स हड़ताल में शामिल हुए और लंबित मांगों को लेकर धरना दिया। इस दौरान सरल केंद्र की ज्यादातर सेवाएं प्रभावित रहीं। हड़ताल में विकास शर्मा, कुशल, भूपेश, सुरेंद्र, राकेश, अजय, मोनू, मुकेश, बिजेंद्र, अमित, जितेंद्र, विक्रमजीत, विवेक, अजीत, संदीप, सुमित, श्रीभगवान, विकेश, विपिन, प्रदीप, दीपक, बिशंभर, जितेंद्र कुमार, जयराम, तसवीर, ममता, अंजू व आशिना आदि ऑपरेटर्स शामिल हुए।
- ये काम रहे प्रभावित
सुबह के समय सरल केंद्र पहुंचे लोग जमीन की नकल, फरद, रजिस्ट्री, ड्राइविंग लाइसेंस व आरसी संबंधी कार्य नहीं करवा पाए। 600 से अधिक लोगों को बिना कार्य करवाए ही लौटना पड़ा। इसके अलावा डीसी कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, पंचायत विभाग कार्यालय समेत अन्य विभागों में तैनात ऑपरेटर्स के हड़ताल पर जाने से काम बाधित हुए।
- सरकार पर लगाया मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप
जिला कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के प्रधान अजय श्योराण ने बताया कि पिछले 15 साल से जायज मांगों को लेकर ऑपरेटर्स संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार लगातार उनकी मांगों को अनदेखा कर रही है। इसलिए 26 व 27 नवंबर को प्रदेश के सभी पक्ष व विपक्ष के विधायकों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। फिर भी सरकार ने मांगें नहीं मानी। इसके चलते उनको 11 दिसंबर को उन्हें हड़ताल करनी पड़ी। जिला प्रधान ने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने नवंबर में तीन घंटे की सांकेतिक हड़ताल की थी।
- ये हैं कंप्यूटर ऑपरेटर्स की मांगें
- डीआईटीएस का केंद्रीकरण करते हुए बजट का प्रावधान किया जाए।
- सभी कार्यरत कर्मचारियों के पद सर्जित किए जाए।
- एचकेआरएनएल में भेजे गये सभी कर्मचारियों को वापस डीआईटीएस में तैनात किया जाए।
- 58 वर्ष तक सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए और नियमित करने का नियम बनने तक समान वेतन व सुविधाएं मिले।
- लोग बोले: नहीं बना काम, आमजन रहा परेशान
- परिवार पहचान पत्र में खामी है और इसे दूर करवाने के लिए दो माह से प्रयासरत हूं। सुबह 9:30 बजे सरल केंद्र पर आया था, यहां पहुंचकर पता चला कि हड़ताल, ऐसे में काम नहीं बनेगा।
-संजय, साहूवास
- सुबह साढ़े आठ बजे सारंगपुर से चला था और करीब 10 बजे दादरी सरल केंद्र पर पहुंचा था। मुझे जमीन की फरद निकलवानी थी लेकिन ऑपरेटर्स हड़ताल पर होने के चलते काम नहीं बन पाया।
-नंदराम, सारंगपुर
- मुझे जमीन की फरद निकलवानी है। इसके बाद ही मेरा अगला काम हो पाएगा। ऑपरेटर्स की हड़ताल की जानकारी मुझे नहीं थी वरना कालूवाला से किराया लगाकर दादरी कतई नहीं आता।
-रिसाल सिंह, कालूवाला
- किसान सम्मान निधि की राशि का लाभ जारी रखने के लिए मुझे फरद जमा करवानी थी। सरल केंद्र पर आया तो हड़ताल का पता चला। 35 किलोमीटर की भागदौड़ के बाद भी सोमवार को काम नहीं बना।
-सतीश, नौरंगाबास जाटान