चरखी दादरी। जिले में 6674 लाभार्थी किसानों ने अब तक पीएम किसान सम्मान निधि योजना का सत्यापन नहीं करवाया है। जिले में योजना के लाभार्थी किसानों की कुल संख्या 69,733 है और इनमें से 63,059 किसान सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। अब विभागीय अधिकारियों की ओर से वंचित किसानों से इस प्रक्रिया को पूरी करने की अपील की गई है।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डाॅ. बलवंत सहारण ने बताया कि देश में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए भारत सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना नामक योजना का संचालन कर रही है। योजना के अंतर्गत सरकार हर साल किसानों के खाते में 6 हजार रुपये की राशि को ट्रांसफर करती है। इस आर्थिक सहायता को सरकार हर साल तीन किस्तों के रूप में जारी करती है। अभी तक किसानों के खाते में कुल 14 किस्त ट्रांसफर की जा चुकी हैं। अगली किस्त से पहले योजना के सभी लाभार्थियों को सत्यापन करवाना जरूरी है।
- दस्तावेज अपलोड न कराना पर नहीं मिलेगी 15वीं किस्त
डॉ. सहारण ने बताया कि अगर निर्धारित सत्यापन के कागजात अपलोड नहीं करवाए जाते हैं तो संबंधित के खाते में किस्त के पैसे नहीं मिलेंगे। 15वीं किस्त का लाभ लेने के लिए लाभार्थी किसानों को जमीन संबंधी दस्तावेजों को जल्द से जल्द अपलोड करना होगा। किसान को अपने आधार को एक्टिव बैंक अकाउंट से लिंक करना भी जरूरी है। इसके अलावा अगर किसान ने अब तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में अपनी ई-केवाईसी नहीं कराई है तो इस काम को भी जल्द से जल्द कराना होगा।