चरखी दादरी। जिला मुख्यालय पर जल्द ही स्वास्थ्य विभाग सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा मुहैया करवाने जा रहा है। सिविल अस्पताल में ये सुविधाएं शुरू करने की तैयारी शुरू हो चुकी हैं। धरातल पर इन सुविधाओं का लाभ मिलने के बाद जिले के मरीजों को भिवानी की भागदौड़ से छुटकारा मिलेगा।
बता दें कि दादरी को जिला मुख्यालय बने साढ़े 6 साल हो चुके हैं, लेकिन अब तक यहां जिलास्तर की स्वास्थ्य सेवाओं की कमी बनी हुई है। धीरे-धीरे विभाग इन कमियों को दूर करने के लिए प्रयासरत है। इसी कड़ी में अब एमआरआई व सीटी स्कैन सुविधा शुरू करने की योजना तैयार की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार पहले ये सेवाएं मातृ-शिशु अस्पताल में शुरू करने की योजना थी, लेकिन अब जगह बदलकर सिविल अस्पताल तय की गई है। ये सुविधाएं शुरू करने के लिए जगह भी चिह्नित कर ली गई है।
फिलहाल दादरी जिले में ये सुविधा नहीं है और इसके चलते प्रतिदिन चार से पांच मरीज भिवानी रेफर किए जाते हैं। इस लिहाज से एक माह में करीब 150 मरीजों को सीटी स्कैन व एमआरआई के लिए रेफर किया जाता है। अगर यह सुविधा में दादरी में ही शुरू हो जाए तो फिर मरीजों को रेफर करने के झंझट से छुटकारा मिलेगा।
- ढाई हजार में होंगे सीटी स्कैन व एमआरआई
सीटी स्कैन और एमआरआई की बात करें तो एमआरआई का निजी केंद्रों पर जो खर्च आता है पीपीपी में उससे करीब आधी राशि में मरीजों को ये सुविधा मिल जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार प्राइवेट केंद्रों पर इसका खर्च करीब पांच हजार या इससे अधिक होता है जबकि सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर करीब ढाई हजार में इन सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
- इन्हें मिलेगी निशुल्क सुविधा
पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप में बीपीएल, एससी श्रेणी, आर्थिक रूप से पिछड़े, स्लम एरिया के मरीजों, सड़क हादसों में घायलों को सीटी स्कैन व एमआरआई की निशुल्क सुविधा मिलेगी। इसके लिए बाकायदा एक निजी कंपनी से एमओयू साइन किया जाएगा।
सीटी स्कैन व एमआरआई की सुविधा सिविल अस्पताल में ही शुरू की जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विभाग की योजना है कि धरातल पर जल्द से जल्द मरीजों को इन सेवाओं का लाभ दिया जाएगा।
-गौरव भारद्वाज, डिप्टी सीएमओ