चरखी दादरी। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार से तीन दिवसीय पोलिया अभियान का शुभारंभ किया। पहले ही दिन विभाग की टीमों ने 35618 बच्चों को कवर किया। विभाग को इस बार 42725 बच्चे कवर करने का लक्ष्य मिला है। डॉ. आशीष मान ने बताया कि पहले ही दिन विभाग ने 83 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल किया और अब बचे हुए बच्चों को मॉकअप राउंड के तहत अगले दो दिन में कवर किया जाएगा।
जिले में रविवार को 322 बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। दादरी सिविल अस्पताल में तीन दिवसीय मुहिम का शुभारंभ एसडीएम विरेंद्र सिंह और सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने संयुक्त रूप से किया जबकि प्रत्येक सीएचसी और पीएचसी पर इसका आगाज डिप्टी सीएमओ व एमओ ने किया। एसडीएम और विरेंद्र सिंह ने सिविल अस्पताल में मौजूद बच्चों के अभिभावकों को पोलिया की दवा पिलाने के फायदों की जानकारी दी।
डॉक्टर आशीष मान ने बताया कि अभियान में करीब 500 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। एक बूथ पर चार कर्मचारी तैनात हैं और रविवार को 322 बूथों पर पोलियो ड्रॉप्स पिलाई गई। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए 61 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं जबकि 14 ट्रांजिट और 21 मोबाइलें टीमें भी बनाई गई हैं।