चरखी दादरी। संतोकपुरा और मानकावास में बिजली सब स्टेशन बनाने की योजना पर तेजी से काम कर रहा है। इसके लिए जगह चयन के बाद कागजी प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है और सब स्टेशन निर्माण की कवायद के लिए जल्द ही टेंडर आमंत्रित किया जाएगा। दोनों गांवों में सब स्टेशन बनने से करीब 40 गांवों को लाभ पहुंचेगा। निगम अधिकारियों की मानें तो ग्रामीणों को लो-वॉल्टेज आपूर्ति की समस्या से भी राहत मिलेगी और बिजली आपूर्ति में भी सुधार होगा। बिजली निगम अधिकारियों की योजना है कि जल्द से जल्द इस प्रोजेक्ट को परवान चढ़ाया जाए।
संतोकपुरा और मानकावास में तीन एकड़ जमीन पर सब स्टेशन का निर्माण होना है। दोनों गांवों में निगम 33 केवी के सब स्टेशन तैयार करवाएगा। करीब एक साल पहले इस संबंध में योजना तैयार की गई थी जो आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब परवान चढ़ती नजर आ रही है।
बिजली निगम बिजली आपूर्ति में विस्तार एवं सुधार की दिशा में लगातार काम कर रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए बिजली निगम पावर सब स्टेशनों की मौजूदा क्षमता भी बढ़ा रहा है। लाइन लोस को कम करने के लिए निगम ने जिला को जगमग योजना में भी शामिल कर रखा है। इसी प्रकार शहर में एलआरपी योजना के तहत लाइन लोस कम करने पर काम चल रहा है। शहर में भी एक नए पावर सब स्टेशन को मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए पावर सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। गांव मोरवाला, घसोला, मकड़ाना, मकड़ानी व मोरवाला पावर सब स्टेशनों की क्षमता भी बढ़ाई जा चुकी है। जिले में 725 लाख यूनिट प्रति माह बिजली खपत है। 11 हजार 160 बिजली ट्रांसफार्मर लगा रखे हैं। अब गांव मानकावास व संतोकपुरा में नये पावर सब स्टेशन निर्माण की योजना है।
- एक साल में सब स्टेशन बनकर तैयार होने की उम्मीद
इससे आसपास के करीब 40 गांवों के उपभोक्ताओं को सीधे पर तौर पर फायदा हो सकेगा। इन गांवों में बिजली वोल्टेज में भी सुधार आएगा। फॉल्टों से भी काफी राहत मिल सकेगी। एक सब स्टेशन करीब डेढ़ एकड़ जमीन में बनना है। करीब एक साल में यह सब स्टेशन बनकर तैयार होने की उम्मीद है।
- गांवों में बिजली चोरी की ज्यादा शिकायतें
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में सुधार की दिशा में निगम की प्लान है कि उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली मिले। गांवों में बिजली की चोरी की शिकायतें ज्यादा मिलती हैं। इसके लिए निगम की टीमों चोरी रोकने में भी जुटी हैं ताकि लाइन लोस कम हो सके।
वर्जन::
नए पावर सब स्टेशन निर्माण के लिए कागज प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी। भौगोलिक सर्वे का काम पूरा हो चुका है। सब स्टेशन निर्माण होने से जिला की बिजली आपूर्ति में भी सुधार आएगा। कम वॉल्टेज की समस्या से भी काफी राहत मिल सकेगी।
- सचिन यादव, एक्सईएन, बिजली निगम।