बाढड़ा। ढिगोवा मोड़ से पुलिस टीम ने एक युवक को अवैध हथियार समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर हुई और उसकी पहचान लोहारु निवासी अनिल उर्फ काला के रूप में हुई है। उसके खिलाफ बाढड़ा थाने में सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि शनिवार शाम बाढड़ा थाना पुलिस टीम अपराध की रोकथाम के लिए क्रांतिकारी चौक पर मौजूद थी। उसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि लोहारु निवासी अनिल उर्फ काला अपने पास अवैध हथियार रखता है। इस समय वो बाढड़ा में ढिगावा मोड़ पर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और वहां संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े युवक से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान लोहारु निवासी अनिल के रूप में बताई। संदेह के आधार पर उसकी तलाशी ली गई तो पेंट की जेब से 315 बोर की देसी पिसतौल बरामद हुई। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया और बाढड़ा थाने ले आई। वहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।