शहर के प्राचीन शिव मंदिर में भरा पानी। संवाद
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। नवंबर माह में डेंगू ने जिले में खूब कहर बरपाया। अगर पिछले 20 दिनों की बात करें तो 268 लोग डेंगू के डंक का शिकार बने हैं। फिलहाल 70 केस सक्रिय हैं, जबकि 20 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित हैं। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने जिले में डेंगू से एक ही मौत होने की पुष्टि की है, जबकि कुछ मौतों की अभी विभागीय अधिकारी जांच कर रहे हैं। शनिवार को जिले में डेंगू के 19 मरीज मिले हैं, जो इस सीजन की एक दिन में तीसरी सर्वाधिक संख्या है। शहर में इस साल 300 से अधिक मरीज मिल चुके हैं। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग ने शहर में खाली प्लॉटों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भरे पानी की अपने स्तर पर निकासी शुरू करवा दी है।
इस साल जिले में डेंगू के केस ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस साल तीन गुना मरीज मिले हैं। अकेले नवंबर की अगर बात करें तो पिछले सीजन के मुकाबले दोगुना मरीज मिले चुके हैं। चिंता का बात यह है कि अभी डेंगू मरीज मिलने का सिलसिला जारी है। पिछले सात दिनों में 110 मरीज मिले हैं, जिनमें 80 फीसदी शहरी क्षेत्र के हैं। डेंगू का प्रकोप अभी भी बना हुआ है और इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग लगातार एंटी लारवा एक्टिविटी भी करवा रहा है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के सर्वे के दौरान शहर के जिन क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पाई गई थी वहां से अब पंप और मोटरें लगाकर निकासी कार्य शुरू कर दिया गया है। इस पानी का उठान कर सीवर लाइनों में डाला जा रहा है।
गांवों के मुकाबले शहर में डेंगू के मरीज ज्यादा मिल रहे हैं और गत मानसून की बारिश में कई दिनों तक बनी जलभराव की स्थिति इसका कारण मानी जा रही है। इस साल स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग भी काफी तेज की है और 20 नवंबर तक जिले से डेंगू जांच के लिए 1207 सैंपल लिए जा चुके हैं। शनिवार को 23 नए सैंपल लिए गए हैं और अब बीस सैंपलों की रिपोर्ट लंबित हैं।
नवंबर में ऐसे मिले डेंगू के मामले
एक नवंबर को 14
दो नवंबर 16
तीन नवंबर 10
चार नवंबर 13
पांच नवंबर 14
छह नवंबर 14
सात नवंबर 10
आठ नवंबर 12
नौ नवंबर 25
दस नवंबर 17
11 नवंबर 13
13 नवंबर 13
14 नवंबर 14
15 नवंबर 06
16 नवंबर 20
17 नवंबर 10
18 नवंबर 30
19 नवंबर 15
20 नवंबर 19
सैंपलिंग प्रक्रिया लगातार जारी
अब तक जिले में डेंगू के 478 मरीज मिल चुके हैं। सैंपलिंग प्रक्रिया लगातार जारी है। हमने शहर में विभिन्न जगहों पर भरे पानी की निकासी शुरू कर दी है।
-डॉ. गौरव भारद्वाज, डेंगू नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ