शहरवासियों को सीवर समस्याओं से निजात दिलाने की योजना जनस्वास्थ्य विभाग ने तैयार कर ली है। आगामी मानसून सीजन में पिछली जैसी स्थिति न बने इसके लिए विभाग ने सीवर व्यवस्था के सुधारीकरण और अपग्रेड करने की योजना तैयार की है। इसके तहत कंडम हो चुकी मेन लाइनों की सर्वे कर इस प्रोजेक्ट की एस्टीमेट फाइल हेड ऑफिस भेजी जा चुकी है। इस प्रोजेक्ट पर विभाग 2140.45 लाख का बजट खर्च करेगा और इसके तहत कंडम व जर्जर सीवर लाइनें भी बदली जाएंगी। विभाग का दावा है कि जुलाई से पहले योजना को सिरे चढ़ा लिया जाएगा और इस मानसून सीजन में पिछले जैसे हालात नहीं बनेंगे।
दादरी शहर की अगर बात करें तो पिछले पांच साल से सीवर व्यवस्था चरमराई हुई है। आए दिन किसी न किसी वार्ड में सीवर लाइन ब्लॉक होने से मैनहोल ओवरफ्लो करने की समस्या बनी रहती है जिसके चलते गलियों और सड़कों पर दूषित पानी भरा रहता है। गत मानसून सीजन में तो सीवर व्यवस्था चरमरा जाने से मुख्य बाजार में ढाई से तीन फुट पानी भर गया था, जिसके चलते दुकानें कई दिनों तक बंद रही थी। वहीं, बाढ़ जैसे हालात बनने से जनस्वास्थ्य विभाग और सरकार की भी जमकर किरकरी हुई थी। ऐसी स्थिति दोबारा ने बने इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने आगामी जुलाई माह से पहले सीवर व्यवस्था में सुधार की योजना तैयार की है। इसके तहत बाकयदा सभी मुख्य सीवर लाइनों का सर्वे किया गया है।
शहर में इस समय 35 किलोमीटर लंबी सीवर लाइनें हैं जिसमें से 15 किलोमीटर लंबी लाइन डैमेज हो चुकी है। इस समय भी सीवर व्यवस्था पटरी पर नहीं है। इस समय शहर में मुख्य लाइनें ब्लॉक होने से 50 से अधिक मैनहोल बैक मार रहे हैं जिसके चलते लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। विभाग की ओर से ब्लॉकेज खोलने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा है। इन जर्जर लाइनों को इसी प्रोजेक्ट के तहत बदला जाना है। प्रोजेक्ट के तहत करीब 10 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बदली जानी हैं और इसकी ड्राइंग भी विभाग तैयार कर चुका है।
- जनवरी में धंस गई थी मुख्य 40 इंची लाइन
जनवरी प्रथम माह में हुई बारिश से शहर के झज्जर घाटी क्षेत्र में सीवर की मेन 40 इंची लाइन धंस गई थी। उसके बाद गत सप्ताह तिकोना पार्क से एसटीपी तक मेन लाइन धंस गई थी जिससे पानी की निकासी ठप हो गई थी। इसके चलते 60 फीसदी शहर की पानी निकासी प्रभावित हुई और विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद जैसे-तैसे लाइनों को दुरुस्त किया।
- इन क्षेत्रों में बनी रहती है समस्या
इस समय पुरानी अनाज मंडी, तिकोना पार्क, कॉलेज रोड,लाजपतराय चौक, एमसी कॉलोनी, झज्जर घाटी क्षेत्र, ढाणी रेलवे फाटक क्षेत्र, चरखी गेट, हरि नगर, विश्वकर्मा कॉलोनी, सैनिक कैंटीन के समीप आदि क्षेत्रों में सीवर समस्या बनी रहती है।
- ये होंगे काम
अब विभाग ने शहर की मेन लाइनों की सर्वे कर इन्हें दुरुस्त करने की जो प्लान तैयार की है उसके मुताबिक सीवर मैनहोल के कंडम ढक्कन भी बदले जाने हैं। इसके अलावा पंपिंग सिस्टम को अपग्रेड किया जाना है जिससे सीवर लाइनों से पानी की निकासी जल्द हो सके।
वर्जन:
प्रोजेक्ट की फाइल तैयार कर हैड ऑफिस भेज दी है। जैसे ही मंजूरी मिलती हैअगली प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। विभाग की प्लानिंग है ताकि जुलाई मानसून सीजन से पहले सीवर ढांचे को सुधार दिया जाए।
जगदीशचंद्र, जनस्वास्थ्य विभाग, एसडीओ
----