एंटी लारवा एकि्अविटी करती स्वास्थ्य विभाग का कर्मचाारी।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। एंटी लारवा एक्टिविटी जारी होने के बाद भी जिले में डेंगू के डंक का प्रकोप बना हुआ है। नवंबर के 16 दिनों में 200 से अधिक मामले आ चुके हैं। जिसने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को जिले में 20 लोग डेंगू से पीड़ित होने के साथ ही मरीजों का आंकड़ा 404 हो गया है। फिलहाल जिले में 15 सैंपल की रिपोर्ट लंबित हैं और डेंगू के 65 मरीज अभी उपचाराधीन हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का तर्क है कि जल्द ही डेंगू का असर कम होने लगेगा।
डेंगू नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. गौरव भारद्वाज ने बताया कि मंगलवार को 20 केस आने के बाद जिले में डेंगू मरीजों का आंकड़ा 400 से पार पहुंच गया है। शहर में करीब 300 मरीज मिल चुके हैं, जबकि गांवों में डेंगू के 104 केस सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि सैंपलिंग प्रक्रिया लगातार जारी है। शहर में डेंगू के ज्यादा प्रकोप को देखते हुए विभाग फॉगिंग भी करवा रहा है। मंगलवार को वार्ड-17, वार्ड-12, बस स्टैंड क्षेत्र, हीरा चौक क्षेत्र व छोटी बाजारी में फॉगिंग करवाई गई। डेंगू नोडल अधिकारी ने बताया कि इस साल विभाग डेंगू जांच के लिए 1018 सैंपल ले चुका है।