बाढड़ा। भांडवा-आर्यनगर रोड स्थित एक खेत में बने मकान से सीआईए ने 15 जुआरी पकड़े हैं। आरोपियों से एक लाख 28 हजार रुपये बरामद हुए है और उनके खिलाफ बाढड़ा थाने में जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। 14 आरोपी बाढड़ा क्षेत्र के रहने वाले हैं जबकि एक आरोपी सूरजगढ़ का है। उनकी गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर हुई और उनसे पुलिस ने ताश की चार गड्ढी बरामद की।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि सीआईए टीम एसआई तूफान सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार शाम बाढड़ा के क्रांतिकारी चौक पर तैनात थी। उसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि भांडवा-आर्यनगर रोड पर करीब एक किलोमीटर अंदर चलकर खेत में बने मकान में कई लोग रुपये दांव पर लगाकर ताश खेल रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर 15 लोगों को काबू किया।
आरोपियों की पहचान प्रीतम, संजय, प्रमोद, संदीप, ओमप्रकाश, रामअवतार, कृष्ण, बलवान, रमेश, धर्मेंद्र, अशोक, दलबीर, रविंद्र, राजबीर व भीम के रूप में हुई। पुलिस टीम ने आरोपियों से 200 रुपये के 67, 100 रुपये के 64, 50 रुपये के 29, 20 रुपये के 17 और 10 रुपये के 50 नोट बरामद किए। पुलिस टीम सभी आरोपियों को बाढड़ा थाने ले आई और वहां उनके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।