चरखी दादरी। 15 दिन के अंदर जिले में कोरोना से दूसरी मौत हुई है। इसके साथ ही मौत का आंकड़ा अब 147 पहुंच गया है। दूसरी ओर कोरोना के मामले लगातार मिलने से पॉजिटव केस की संख्या आठ हजार का आंकड़ा पार कर गई है। जिले में अब तक 8007 लोग संक्रमित मिल चुके हैं जिनमें से 21 केस सक्रिय हैं और इसकी पुष्टि जिला कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. संदीप ने की है। वहीं, पिछले 15 दिनों के अंदर जिले में कोरोना के 139 केस मिले हैं। इस लिहाज से अभी भी प्रतिदिन 11 केस मिल रहे हैं।
कोविड नोडल अधिकारी ने बताया कि बेरला निवासी 74 वर्षीय व्यक्ति की शनिवार को हिसार के एक निजी अस्पताल में मौत हुई है। मृतक के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हो चुकी थी। इससे पहले गत 20 अगस्त को जिले में कोरोना से आखिरी मौत हुई थी।
बता दें कि अगस्त में कोरोना का ग्राफ ऊपर जाने की शुरुआत हुई थी जो अब तक कम नहीं हुआ है। फिलहाल सकारात्मक बात यह है कि अगस्त के मुकाबले सितंबर के पहले चार दिन में ही संक्रमण दर के मुकाबले रिकवरी रेट अधिक है। 20 अगस्त से चार सितंबर तक की स्थिति पर गौर करें तो 130 नए केस मिले हैं जबकि इस समय अवधि में 206 मरीज स्वस्थ हुए हैं। हालांकि 15 दिनों के अंदर दो मौत होना चिंताजनक जरूर है।
20 अगस्त की स्थिति पर गौर करें तो जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 7868 थी जबकि सक्रिय केस 89 थे। उस दौरान करीब 160 सैंपल प्रतिदिन लिए जा रहे थे। 20 अगस्त तक जिले से कुल 382253 सैंपल लिए गए थे। अब अगर चार सितंबर के आंकड़े पर नजर डालें तो कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8007 पहुंच चुकी है जबकि सक्रिय केस 21 रह गए हैं। चार सितंबर तक कुल 397980 सैंपल लिए गए हैं। ओवरऑल स्थिति की अगर बात करें तो इन 15 दिनों में स्वास्थ्य विभाग ने 15 हजार से अधिक सैंपल लिए हैं।
बूस्टर डोज के लिए आगे नहीं आ रहे लोग
जिले में वैक्सीनेशन की स्थिति देखें तो कुल 948785 डोज लग चुकी हैं। पहली और दूसरी डोज का लक्ष्य 100 फीसदी से अधिक हासिल किया गया है, लेकिन बूस्टर डोज में जिला पिछड़ रहा है। ओवरऑल स्थिति देखें तो करीब 30 फीसदी ने ही बूस्टर डोज लगवाई है। वहीं, किशोरों के वैक्सीनेशन की बात करें तो 18 आयु वर्ग से नीचे 80 प्रतिशत ने पहली और 60 फीसदी ने दूसरी डोज लगवाई है। 18 से 44 आयु वर्ग में अब तक करीब 15 फीसदी ने ही बूस्टर डोज लगवाई है। वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 47 फीसदी बूस्टर डोज लगवा चुके हैं।
सैंपलिंग ने पकड़ी रफ्तार
पिछले 15 दिनों की अगर बात करें तो सैंपलिंग ने रफ्तार पकड़ी है। फिलहाल जिले में प्रतिदिन 500 से 600 के बीच सैंपल लिए जा रहे हैं जबकि 15 दिन पहले तक यह संख्या 150 तक सीमित थी। इसका कारण अस्पताल में कोविड जांच लैब शुरू होना है।
जिले में कोरोना की ओवरऑल ये है स्थिति
कुल सैंपल लिए गए - 397980
निगेटिव रिपोर्ट आई- 379396
पॉजिटिव रिपोर्ट - 8007
स्वस्थ हुए- 7839
सक्रिय केस- 21
लंबित रिपोर्ट- 586
मौत- 147
बेरला निवासी एक व्यक्ति की कोरोना से हिसार में मौत हुई है और यह जिले में 147वीं मौत है। कोविड लैब शुरू होते ही हमने सैंपलिंग बढ़ा दी है। पिछले चार दिनों से संक्रमण दर के मुकाबले रिकवरी रेट बेहतर हुई है।
डॉ. संदीप, डिप्टी सीएमओ एवं जिला कोविड नोडल अधिकारी
वैक्सीनेशन मुहिम लगातार जारी है। हम बूस्टर डोज लगाने के कार्य में अब तेजी लाएंगे और इस संबंध में सभी सीएचसी और पीएचसी टीमों को भी निर्देश दे दिए गए हैं।
डॉ. आशीष मान, वैक्सीनेशन जिला प्रभारी