चरखी दादरी। जिले में कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शनिवार को 14 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, पिछले अगर पिछले 12 दिनों की स्थिति देखें तो जिले में 29 संक्रमित मिल चुके हैं। संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अब कोविड-19 अस्पताल को दोबारा शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए शनिवार को कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार ने अस्पताल पहुंचकर हालातों का जायजा लिया।
सूत्रों के अनुसार सोमवार से ही यहां व्यवस्थाएं बनानी शुरू कर दी जाएंगी और इस संबंध में स्टाफ को निर्देश दिए जा चुके हैं। कोविड-19 अस्पताल का दोबारा शुरू होना कोरोना की बढ़ी गति को दर्शा रहा है।
जिले में गत 28 दिसंबर से लगातार कोरोना केस मिले रहे हैं। वहीं, जनवरी में तो रफ्तार काफी बढ़ गई है। पिछले आठ दिनों में जिले के अंदर 26 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं और इस लिहाज से हर रोज तीन से अधिक लोग कोरोना का शिकार बन रहे हैं। दूसरी ओर कोरोना संक्रमितों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तमाम केंद्रों पर संसाधनों का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया है।
आने वाले कुछ दिनों में कोरोना के मामले बढ़ने की आशंका है, जिसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग अभी से तैयारियों में जुट गया है। कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि कोविड-19 अस्पताल को शुरू करने की तैयारियां की जा रही हैं और इस संबंध में सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने कुछ दिशा-निर्देश भी दिए हैं। जल्द ही इनकी धरातल पर पालना कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि कोविड-19 अस्पताल में 70 मरीजों को रखने की व्यवस्था की जाएगी और जरूरत पड़ने पर बेड संख्या और बढ़ाई जा सकती है।
-----
- शनिवार को चार महिलाएं और 10 पुरुष मिले संक्रमित -
शनिवार को जिले में 14 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें चार महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं। भिवानी रोड क्षेत्र निवासी 21, 24 व 25 वर्षीय तीन युवकों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पातुवास गांव में 32 साल का युवक, मोरवाला गांव में 30 वर्षीय युवती, शहर के घिकाड़ा रोड निवासी 31 साल का युवक, बाला वाला मंदिर क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति, मानकवास निवासी 22 साल का युवक, खेड़ी सनवाल निवासी 29 वर्षीय युवक और 26 वर्षीय युवती, घिकाड़ा रोड निवासी आठ साल का बच्चा, लोहरवाड़ा निवासी 26 वर्षीय युवती, पुराना ओबीसी बैंक के समीप रहने वाला 59 वर्षीय व्यक्ति और अनाज मंडी निवासी 54 वर्षीय महिला संक्रमित मिली है।
- 24 केस सक्रिय, 721 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित -
शनिवार को 14 नए केस मिलने के बाद जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5108 पहुंच गई है। इनमें से 4945 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में फिलहाल 24 कोरोना केस सक्रिय हैं। अब तक स्वास्थ्य विभाग कोरोना जांच के लिए 317535 सैंपल ले चुका है। शनिवार को 834 सैंपल लिए गए और फिलहाल 721 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित है।
-------
जानिए....यूं बढ़ रही है कोरोना संक्रमितों की संख्या -
तारीख - कोरोना केस
28 दिसंबर-1
29 दिसंबर-1
31 दिसंबर-1
1 जनवरी-1
2 जनवरी-1
4 जनवरी-1
5 जनवरी-3
6 जनवरी-2
7 जनवरी-4
8 जनवरी-14
------
वर्जन::
शनिवार को जिले में 14 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं और इनमें एक बच्चा और चार महिलाएं शामिल हैं। जिले में अब कोरोना के 24 केस सक्रिय हैं और हम प्रबंधों को और पुख्ता करने में जुटे हुए हैं। लोगों से अपील है कि कोरोना को हराने में स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन का साथ दें।
- डॉ. सुदर्शन पंवार, सीएमओ, चरखी दादरी।
----