चरखी दादरी। प्रतिदिन जिले के गांवों से शहर के शिक्षण संस्थानों के करीब 6 हजार छात्र-छात्राओं को शिक्षण संस्थानों में पहुंचाने के लिए राज्य परिवहन निगम के पास महज आठ बसें उपलब्ध हैं। दूसरी ओर इनमें से करीब 1163 छात्र-छात्राओं ने पास बनवा रखे हैं, लेकिन बसों की कमी के चलते उन्हें अन्य सवारी वाहनों में किराया देकर सफर करना पड़ रहा है। पास संख्या के लिहाज से छात्र-छात्राओं के लिए करीब 22 बसों का संचालन होना चाहिए।
पिछले पांच माह में 1019 छात्राओं व 144 छात्रों ने राज्य परिवहन से बस पास बनवाए हैं। ऐसे में प्रतिदिन शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने के लिए 22 बसों की आवश्यकता है लेकिन विभाग महज 8 बसों से काम चला रहा है।
बसों के अभाव में विद्यार्थियों पर प्रतिदिन आर्थिक भार बढ़ने के साथ निजी वाहनों में धक्के खाने को मजबूर होना पड़ रहा है। दो माह पूर्व ग्रामीण रूटों पर बसों की कमी के चलते विद्यार्थियों ने बस स्टैंड के गेट पर तालाबंदी कर जल्द बसें चलाने की मांग की थी।
इस समय दादरी-गोठड़ा मार्ग पर एक, रानीला-झिंझर-दादरी मार्ग पर एक, पैंतावास-मानकावास रूट पर एक, कितलाना-झोझू रूट पर दो, घसौला स्लम बस्ती से दादरी के लिए एक व नौसवा-बहुझोलरी मार्ग पर एक बस का संचालन किया जा रहा है।
- विभिन्न रूटों पर ये है विद्यार्थी संख्या
दादरी से ढाणी, खेड़ी, टिकाण, महराणा, पातुवास, सेहलंगा व गोठड़ा मार्ग पर प्रतिदिन 1500 से अधिक विद्यार्थी शहर के शिक्षण संस्थानों में आते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों खासकर छात्राओं को निजी वाहनों में किराया देकर सफर करना पड़ रहा है, जबकि वो बस पास तक बनवा चुके हैं। इसके अलावा दादरी से मोड़ी, मकड़ाना, मकड़ानी, गोठड़ा, संतोखपुरा, खोरड़ा मार्ग पर प्रतिदिन एक हजार से अधिक छात्र-छात्राएं संस्थानों में आवागमन करते हैं। ऐसे ही अनेक ग्रामीण रूटों पर बसों का अभाव झेल रहे विद्यार्थियों के लिए समय पर शिक्षण संस्थानों पर पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है।
- पांच बसें मिली थी गुलाबी, चार भेज दी भिवानी
वर्ष 2018 में चरखी दादरी डिपो को पांच गुलाबी बसें मिली थीं। ये बसें स्पेशल छात्राओं के लिए चलाई जानी थी। पांच में से तीन बसों को लोहारू सब डिपो भेजा गया। अब कुछ समय पहले लोहारू सब डिपो दादरी के बजाय भिवानी डिपो के अधीन कर दिया गया। वहां से तीनों गुलाबी बसें भी भिवानी डिपो को दे दी गई। अब जो दो गुलाबी बसें दादरी डिपो में बची हैं उन्हें छात्राओं की जगह अन्य रूटों पर सवारियों के लिए दौड़ाया जा रहा है।
- यह है बस पास की स्थिति
अप्रैल से अगस्त माह तक राज्य परिवहन की ओर से 1674 बस पास जारी किए गए हैं। इनमें से 1019 केवल छात्राओं तथा 144 बस पास छात्रों को जारी किए गए हैं। जबकि सामान्य वर्ग के लिए 511 पास बनाए हैं। ऐसे में प्रतिदिन 1163 विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थाओं तक पहुंचाने के लिए 22 बसों की आवश्यकता है। लेकिन विभाग के पास विद्यार्थियों के नाम पर केवल 8 बसें हैं।