छात्रों की समस्याआें को लेकर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने कुलपति कार्यालय पर तालाबंदी की और एमडीयू प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कुलपति मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों ने बात की। कुलपति ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
एनएसयूआई के पूर्व प्रवक्ता सुनील फौगाट के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के दर्जनों छात्र मंगलवार को लाइब्रेरी के बाहर एकत्रित हुए और एमडीयू प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कुलपति कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारियों ने कुलपति से मिलने के बजाय कार्यालय पर ताला जड़ दिया। सुनील फौगाट ने कहा कि वे छात्रों की समस्याओं को लेकर कई बार एमडीयू प्रशासन से मिल चुके हैं, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि एमडीयू के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों ने कुलपति को गुमराह कर रखा है, जिसके कारण छात्रों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फिर भी छात्रों को ही दोषी ठहराया जा रहा है। फौगाट ने कहा कि जब तक नया हॉस्टल तैयार नहीं हो जाता, तब तक ट्रांजिस्ट हॉस्टल में विद्यार्थियों को रहने दिया जाए।
करीब एक घंटे बाद कुलपति धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात की। कुलपति ने आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।