हरियाणा के जिला रेवाड़ी के जैन पब्लिक स्कूल में सोमवार को ‘सेलिब्रेशन-2013’ का आगाज हुआ। मेले का शुभारंभ प्रबंधन समिति के प्रधान आदेश्वर कुमार जैन ने किया।
इसमें विद्यार्थियों ने अपने व्यापारिक कौशल को उजागर किया, वहीं बच्चों द्वारा लगाई आकर्षक खेल स्टालों और विभिन्न व्यंजनों की स्टालों ने आगंतुकों को खासा प्रभावित किया।
प्रधानाचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में शिक्षकों ने प्रबंधन समिति के प्रधान एके जैन, प्रबंधक पीके जैन, सचिव तरूण जैन, उपाध्यक्ष सुभाष जैन, कोषाध्यक्ष सुनील जैन, प्रशासक डॉ. एनएन खेर समेत गणमान्य लोगों की अगवानी की।
विद्यालय के मैदान में चारों ओर लहराते रंग-बिरंगे झंडे, वातावरण में महकती विभिन्न व्यंजनों की महक के बीच आगंतुकों ने विभिन्न स्टालों का अवलोकन कर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।
मेले में विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाले स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चखने को जहां लोग लालायित दिखे, वहीं बच्चों ने झूलों के साथ-साथ बच्चे घुड़सवारी का भी आनंद लिया।
समारोह के समापन पर मुख्य अतिथि एवं बिजली मंत्री कैप्टन अजय यादव ने मेले का अवलोकन कर प्रबंधन समिति स्टाफ व विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके सांध्यकालीन कार्यक्रम की शुरुआत की।
प्रबंधन समिति की ओर से विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए। पुरस्कार पाने में लड़कियों ने बाजी मारी।
प्रथम विजेता को 15.5 इंच का लैपटॉप, दूसरे स्थान के लिए दो विजेताओं को 14-14 इंच के लैपटॉप, तीसरे स्थान पर रहे तीन विजेताओं टैबलेट तथा प्रथम सांत्वना पुरस्कार के रूप में दस विजेताओं को म्यूजिक सिस्टम और 50 से अधिक लैपटॉप बैग दिए गए।
इस मौके पर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के साथ-साथ जैन समाज के प्रधान संतोष कुमार जैन, जैन एजूकेशन बोर्ड के प्रधान सुभाष चंद जैन, जैन गर्ल्स स्कूल के पूर्व प्रधान अरविंद जैन, सुरेश जैन, योगेश जैन, शैलेश जैन, विद्याश्रीधर समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।