केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने शुक्रवार को यहां दो बड़े
संस्थानों के शिलान्यास समारोह में चेताया कि अगले बीस साल में तीन बड़ी
बीमारियां देश को घेरेंगी।
आजाद ने कहा कि दुनिया के 194 देशों
में अगले बीस साल में तीन बड़ी बीमारियां होंगी। इनमें अपना देश सबसे
ज्यादा प्रभावित होगा। वर्ष 2020-30 के बीच कैंसर, डायबटीज और हार्ट अटैक
की बीमारी फैलेगी। इसलिए पूरी दुनिया को चौकन्ना होना पड़ेगा। इसलिए बाढ़सा
में स्थापित हो रहा राष्ट्रीय कैंसर संस्थान इस दिशा में सबसे महत्वपूर्ण
भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने एक राष्ट्रीय कैंसर
संस्थान, 20 राज्य कैंसर संस्थान और 50 रीजनल कैंसर संस्थान खोलने का फैसला
किया है।
अब तक तो कैंसर संस्थान परमाणु ऊर्जा मंत्रालय
स्थापित करता था। अब स्वास्थ्य मंत्रालय भी स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि
देश में 71 कैंसर संस्थान स्थापित होंगे। हर यूटी और राज्य में कम से कम
एक कैंसर संस्थान स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि भारत में पौने नौ लाख आशा
वर्कर ग्रामीण स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रही हैं। ऐसा किसी अन्य देश
में नहीं है। भारत के साथ-साथ पूरी दुनिया को कैंसर पर काबू पाने के लिए
ढांचागत और डाक्टरों की संख्या बढ़ानी होगी। उन्होंने झज्जर में एम्स-2 के
लिए 300 एकड़ जमीन देने के लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद
दीपेंद्र हुड्डा का आभार जताया। इसी परिसर में ही कैंसर संस्थान स्थापित
होगा।
दुनिया के नक्शे पर चमका झज्जर
जसौरखेड़ी
(झज्जर)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राष्ट्रीय कैंसर संस्थान और
परमाणु अनुसंधान केंद्र जैसी अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं का हरियाणा में
शिलान्यास करने पर प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया
गांधी का आभार व्यक्त किया।
समारोह में पहुंचे लोगों को संबोधित
करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि परमाणु अनुसंधान केंद्र और राष्ट्रीय कैंसर
संस्थान पूरी दुनिया में अपनी पहचान कायम करेंगे। इन दोनों केंद्रों की
स्थापना से हरियाणा और झज्जर का नाम दुनिया के नक्शे पर आ गया है। उन्होंने
कहा कि परमाणु अनुसंधान केंद्र पर एक हजार करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इसमें दूसरे देशों का भी सहयोग लिया जाएगा। केंद्र में पांच कालेज होंगे।
उन्होंने एम्स-2 हरियाणा को देने के लिए केंद्र का आभार जताते हुए कहा कि
इस पर दो हजार करोड़ रुपये की लागत आएगी। यहां 700 बिस्तर होंगे। इसी तरह
कैंसर इलाज और अनुसंधान के लिए देश और विदेश से वैज्ञानिक पहुंचेंगे। इससे
हरियाणा के नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब
2005 में कांग्रेस सरकार बनी थी तब हरियाणा का बजट 2106 करोड़ रुपये था अब
28 हजार करोड़ रुपये का है। उन्होंने प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए कहा
कि उन्होंने देश को आर्थिक संकट से बचाए रखा, जबकि अमेरिका जैसे देशों को
मंदी का सामना करना पड़ा।
दीपेंद्र ने साधा विरोधियों पर निशाना
जसौरखेड़ी
(झज्जर)। रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा को मौका तो मिला था प्रधानमंत्री
और स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त करने का मगर उन्होंने धन्यवाद
प्रस्ताव के बहाने अपने विरोधियों पर निशाना साधा। उन्होंने इनेलो के
वरिष्ठ नेता अभय चौटाला और हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई पर हमला किया।
दीपेंद्र
हुड्डा कहा कि वे अभय चौटाला का रोज बयान पढ़ते हैं कि उनकी सरकार आएगी तो
प्रदेश में कानून व्यवस्था कायम करेंगे। दीपेंद्र ने हमला बोलते हुए कहा
कि जिन्होंने अपनी सरकार में गुंडागर्दी का राज कायम किया हो वे कानून
व्यवस्था सुधारने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कुलदीप बिश्नोई पर हमला किया
कि वे रथ यात्रा के दौरान और बाद में बयान देते रहे हैं कि हजकां-भाजपा
सरकार बनेगी तो हरियाणा से भ्रष्टाचार का खात्मा करेंगे। उन्होंने कहा कि
जो भ्रष्टाचार के जनक रहे हो, वे भ्रष्टाचार की बात करते हैं।
दीपेंद्र
हुड्डा ने इनेलो के युवा नेताओं पर बिना नाम लिए कटाक्ष किया कि लोग
राजनीति में बाद में आते हैं पहले रथ पर सवार हो जाते हैं। दीपेंद्र ने कहा
कि वे भी यात्रा करते हैं मगर जन यात्रा। दस किलोमीटर के सफर में उन्हें
एक हजार बार गाड़ी रोकनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि उन्हें घेरने के लिए सब
विपक्षी एकजुट हो रहे हैं मगर वे घिरने वाले नहीं हैं। नरेंद्र मोदी पर
वार करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि गुजरात को मुकाबला करना है तो
हरियाणा के साथ करे। गन्ने के भाव, मनरेगा मजदूरी, आंगनबाड़ी वर्करों के
मानदेय और पेंशन जैसे मुद्दों पर मुकाबला करे। सांसद दीपेंद्र ने
प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जब भी उनके पास विकास
कार्यों के लिए उनके पहुंचे, उन्होंने कभी भी मना नहीं किया। उन्होंने
प्रधानमंत्री से आग्रह किया था कि एक बार उनके लोकसभा क्षेत्र में जरूर
आना।