भिवानी। शादी के कार्ड बांटकर वापस लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। सड़क हादसा शनिवार देर शाम करीब पौने सात बजे भिवानी-जींद मुख्य मार्ग पर गांव तालू के समीप हुआ। हादसे की सूचना मुंढाल पुलिस चौकी में दी। पुलिस ने मृतक के शव का रविवार सुबह नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
हिसार क्षेत्र के गांव खरबला निवासी 21 वर्षीय साहिल अपने परिवार के ही विकास के साथ बाइक पर भिवानी में शादी के कार्ड बांटने के लिए आए थे। विकास की 15 दिन बाद शादी तय हुई है। विकास भी साहिल के साथ बाइक पर पीछे बैठकर भिवानी आया था। ये दोनों शनिवार शाम करीब पौने सात बजे शादी के कार्ड बांटने के बाद बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। भिवानी-जींद मुख्य मार्ग पर गांव तालू के समीप पहुंचे तो अचानक ही सड़क पर एक लावारिश पशु आ गया। जिसमें बाइक की सीधी टक्कर लग गई। इस हादसे में बाइक चला रहे साहिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा विकास दूर जा गिरा, जिसे मामूली चोटें आई। बाइक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लावारिश पशु ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुंढाल पुलिस चौकी से जांच अधिकारी राजपाल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे। रविवार सुबह मृतक साहिल का पोस्टमार्टम हुआ। जांच अधिकारी राजपाल ने बताया कि बाइक पर पीछे बैठे विकास के बयान दर्ज कर पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। उसने बताया कि विकास की शादी करीब 15 दिन बाद होनी है, इसी की तैयारियों में परिवार जुटा था और विकास के साथ ही साहिल उसकी शादी के कार्ड बांटने के बाद भिवानी से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। साहिल की मौत से शादी वाले परिवार की खुशियां भी मातम में बदल गई।