मृतक मामले में कार्रवाई करते पुलिसकर्मी।
भिवानी। गांव संडवा स्थित गोशाला में सोमवार शाम करीब चार बजे मिट्टी में धंसे ट्रैक्टर को निकालने के दौरान वहां काम करने वाले सुमित (28) की मौत हो गई। नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच अधिकारी एचसी रविकांत, थाना तोशाम के अनुसार सुमित गोशाला में काम करता था। वहां पर मिट्टी डालने का कार्य किया जा रहा था। उसी दौरान ट्रैक्टर मिट्टी में धंस गया। ट्रैक्टर को मिट्टी से निकालते समय आगे से उठ गया और ट्रैक्टर का एक हिस्सा सुमित की गर्दन पर लगा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोशाला में काम कर रहे लोग उसे लेकर अस्पताल आए। जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिवानी में रखवा दिया। सोमवार सुबह चिकित्सकों ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।
माता-पिता की हो चुकी मौत
पुलिस के अनुसार गांव धनाना निवासी मृतक सुमित विवाहित था। वह तीन साल के बेटे का पिता था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसका बड़ा भाई खेतीबाड़ी करता है।
नए कानून के तहत हुई इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई
पूरे देश में एक जुलाई से तीन नए कानून लागू हो चुके हैं। उसके बाद जिले में नए कानून के तहत इत्तफाकिया मौत मामले में 194 बीएनएसएस के तहत पहली कार्रवाई की गई है जबकि पहले इत्तफाकिया की कार्रवाई 174 के तहत की जाती थी।