भिवानी। शहर की पीपलीवाली जोहड़ी की न्यू आंबेडकर कॉलोनी निवासी एक महिला ने तांत्रिक के बहकावे में आकर अपनी डेढ़ माह की बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी।
वारदात की सूचना पुलिस को 112 नंबर पर फोन कर उसके पति ने दी। इसके बाद डीएसपी हेडक्वार्टर, सिटी पुलिस थाना इंचार्ज सहित फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम ने मौका मुआयना किया। बच्ची के शव का पुलिस ने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। पति की शिकायत पर सिटी पुलिस ने महिला के खिलाफ बेटी की हत्या का केस दर्ज किया है। मामला अंधविश्वास से जुड़ा बताया जा रहा है। तांत्रिक के बहकावे में आकर खुद महिला ने अपने हाथों से दुधमुंही बेटी को ही मौत के घाट उतार दिया।
भिवानी निवासी वैशाली का जून 2020 में पीपलीवाली जोहड़ी क्षेत्र की न्यू आंबेडकर कॉलोनी निवासी मोहन के साथ प्रेम विवाह हुआ था। दोनों की अलग-अलग जातियां हैं। करीब डेढ़ माह पहले ही वैशाली ने एक बेटी को जन्म दिया था। जिसका नाम जीया रखा था। मंगलवार रात को वैशाली ने अपनी ही डेढ़ माह की बेटी का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसकी जानकारी पति मोहन को लगी तो उसने पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद सिटी पुलिस थाना एसएचओ संदीप शर्मा मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर वीरेंद्र सिंह भी वहां पहुंचे। बच्ची की हत्या के बारे में तथ्य जुटाने के लिए मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम भी पहुंची। महिला के पति मोहन का आरोप है कि उसकी पत्नी को मांगलिक दोष है। उसकी पत्नी वैशाली अपनी मां के कहने पर एक तांत्रिक के संपर्क में थी, जिसने उसे बहका दिया था कि उसकी शादी के एक साल बाद ही उसके पति की मौत हो जाएगी। इसके बाद वह दूसरी शादी कर सकेगी। इसलिए उसने मोहन के साथ अंतरजातीय प्रेम विवाह किया। एक साल के दौरान उसके पति की मौत तो नहीं हुई, बल्कि वह गर्भवती हो गई। डेढ़ माह पहले ही उसने बेटी जीया को जन्म दिया था। मगर वह अपनी दूसरी शादी में बच्ची को बाधा नहीं बनाना चाहती थी, इसलिए उसने अपनी ही बेटी का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
जांच की जा रही है
महिला ने अपनी बेटी का गला घोंटकर हत्या कर दी। पति मोहन की शिकायत पर महिला वैशाली के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बताया कि वह बच्चा नहीं चाहती थी, इसलिए उसने बेटी को मार डाला। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से तहकीकात में जुटी है।
- संदीप शर्मा, एसएचओ, सिटी पुलिस थाना भिवानी।