भिवानी। भिवानी जिला बार चुनाव में इस बार प्रधान पद के बजाय सचिव पद को लेकर मुकाबला काफी रोचक बनेगा, क्योंकि चुनावी मैदान में चार धुरंधर कूद चुके हैं। हालांकि उप प्रधान, संयुक्त सचिव के अलावा कोषाध्यक्ष का भी चुनाव होगा। इसके लिए शुक्रवार सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक बार सभागार में बैलेट पेपर से मतदान कराया जाएगा। किसके सिर जिला बार प्रधान का ताज सजेगा इसका रुझान भी शाम सात बजे तक आ जाएगा।
वीरवार को जिला बार चुनावों को लेकर चुनाव कमेटी पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें शुक्रवार को मतदान कराने संबंधी तैयारियों को पुख्ता कराया गया। वीडियोग्राफी की निगरानी में वोटिंग कराई जाएगी। वहीं मोबाइल लाने तक पाबंदी रहेगी। इसी के साथ मतदान प्रक्रिया में शामिल होने वाले अधिवक्ताओं को बार कौंसिल या भिवानी बार की तरफ से जारी पहचान पत्र भी साथ लाना अनिवार्य होगा।
भिवानी जिला बार चुनावों में शुक्रवार को 1423 मतदाता अपनी भूमिका निभाएंगे। बार चुनावों को लेकर गठित की गई चुनाव कमेटी ने वीरवार को बैठक कर यह सुनिश्चित किया कि निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए सभी पुख्ता बंदोबस्त होने जरूरी हैं। इसके लिए सदस्यों की चुनाव प्रक्रिया के दौरान अलग-अलग ड्यूटियां भी लगाई गई। बार सभागार में मतदान के लिए मत पेटी रखी जाएगी। मत पेटी में वोट डालने वाले प्रत्येक मतदाता की वीडियोग्राफी होगी। मतदान कक्ष में मोबाइल फोन वर्जित रहेगा। इसके अलावा भी कई हिदायतें चुनाव कमेटी की ओर से जारी की गई हैं।
वहीं मतदान से पहले चुनावी मैदान में कूदे उम्मीदवार शाम तक मतदान की अपील करने के लिए अधिवक्ताओं के चैंबर्स में चक्कर लगाते रहे। जिला बार चुनाव में प्रधान पद के लिए चौथी बार सत्यजीत पिलानिया चुनावी मैदान में प्रबल दावेदार हैं। जबकि उनके विपक्ष में राकेश वत्स हैं। इसी तरह सचिव पद पर संजय तंवर, दीपक तंवर, अशोक बिडलान, केंद्रमणी अपनी-अपनी दावेदारी को मजबूत बता रहे हैं। उपप्रधान पद के लिए रवि राय, अमित खरकिया व सुरेंद्र चौहान दावेदार हैं। मगर यहां सिर्फ दो उम्मीदवारों के बीच ही मुकाबला है। संयुक्त सचिव के लिए राकेश पंवार और सुनील आमने-सामने हैं। जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए इस बार दो महिला उम्मीदवार आमने-सामने हैं। इनमें मीना जांगड़ा व प्रिया शामिल हैं। यहां एक महिला उम्मीदवार का पलड़ा भारी है।
ये निभाएंगे चुनाव कमेटी में भूमिका
चुनाव कमेटी के चेयरमैन सुरेश मेहरा, रिटर्निंग अधिकारी विकास बुडानिया, को चेयरमैन पवन परमार, ऑब्जर्वर ओम परमार, एआरओ सुधीर खनगवाल, पीयुष वर्मा, सदस्य मुकेश गुलिया, कांति कौशिक, अविनाश तंवर, प्रेम यादव, रेखा, संगीता यादव, कृष्ण मलिक, सुरजीत सेनी, अमित ढूल, जितेंद्र सिंघल, सौरभ पंडित, अनिल तंवर, प्रदीप यादव, रणधीर, प्रवीन, मनोज शामिल हैं।
जीत पर उड़ेगा गुलाल, हार का रहेगा मलाल
शुक्रवार को जिला बार चुनावों में दिनभर मतदान चलेगा। लेकिन शाम ढलते ही जीत पर गुलाल उड़ेगा। वहीं हार का मलाल भी होगा। क्योंकि चुनावी मैदान में डटे प्रत्याशी पिछले एक सप्ताह भर से तुफानी संपर्क अभियान में जुटे हैं, जो देर रात तक मतदान की अपील और मतदाताओं का रुझान अपनी तरफ करने में लगे हैं।