भिवानी। नई दिल्ली एक्सप्रेस गाड़ी 04090 रविवार सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर भिवानी जंक्शन पर पहुंची। जोनल रेलवे जयपुर सलाहकार समिति के सदस्य प्रीतम अग्रवाल ने गाड़ी के चालक और अन्य कर्मचारियों का स्वागत फूलमाला पहनाकर किया। 6 बजकर 45 मिनट पर सांसद धर्मबीर सिंह और प्रीतम अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर गाड़ी को नई दिल्ली के लिए रवाना किया।
उल्लेखनीय है कि सिरसा-तिलकब्रिज गाड़ी बंद होने के बाद भिवानी के दैनिक यात्री, व्यापारियों और अन्य सभी यात्रियों में रोष हो गया था। इस गाड़ी के चलने से शहरवासियों में खुशी का माहौल है, क्योंकि उन्हें एक के बजाय नई दिल्ली के लिए दो ट्रेने मिल गई। दूसरी ट्रेन सिरसा से नई दिल्ली सोमवार को सिरसा से चलकर पांच बजकर 10 मिनट पर भिवानी पहुंचेगी। भिवानी जंक्शन पर इस नई गाड़ी का भव्य स्वागत किया जाएगा। यह गाड़ी सुबह पांच बजकर 15 पर भिवानी से चलकर वाया रेवाड़ी-गुरुग्राम होते हुए दस बजकर 15 पर नई दिल्ली पहुंच जाएगी। इस प्रकार वाया रोहतक और वाया रेवाड़ी दो ट्रेने भिवानी वासियों को मिल गई।
भिवानी वासियों को छोटी लाइन के समय चलने वाली हरियाणा एक्सप्रेस के स्थान पर एक नई गाड़ी मिल गई है। इससे सबसे ज्यादा लाभ सिरसा-हिसार-भिवानी-दादरी-कोसली के लोगों को होगा। गुरुग्राम और दक्षिण दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर जाने के लिए सीधी सिरसा से रेलगाड़ी उपलब्ध होगी। प्रीतम अग्रवाल ने बताया कि चार अगस्त को इन गाड़ियों के संचालन का नोटिफिकेशन कर दिया था। हिसार-दिल्ली गाड़ी रोहतक से आगे पैसेंजर हो जाती थी। रेलवे बोर्ड ने हमारी मांग को मानते हुए पांच अगस्त को नोटिफिकेशन हुआ, जिसके अनुसार रोहतक से आगे के 10 छोटे स्टेशनों पर ठहराव खत्म कर दिया गया। भिवानी सिटी स्टेशन, कलानौर के दैनिक यात्रियों को ध्यान में रखते हुए दोबारा रेलवे बोर्ड से अनुरोध किया की भिवानी सिटी स्टेशन, कलानौर स्टेशनों पर ठहराव करवाया जाए। इसके बाद 6 अगस्त को आखिरी नोटिफिकेशन में भिवानी रोहतक के बीच के इन स्टेशनों पर ठहराव कर दिया गया।