बवानीखेड़ा में पानी की समस्या को लेकर नारेबाजी करते वार्डवासी।
भिवानी। कस्बा बवानीखेड़ा में इनदिनों पीने के पानी की भयंकर समस्या चल रही है। इसी के चलते वार्ड 12 में सप्ताह में एक बार पानी आने व घरों तक पानी न पहुंचने पर वार्डवासियों ने मटके फोड़कर रोष प्रदर्शन किया। वार्डवासियों ने मंगलवार को जलघर को ताला लगाकर उपायुक्त कार्यालय पर धरना देने की बात कही। वहीं विभाग के कनिष्ठ अभियंता ने चार दिनों में समस्या के समाधान की बात कही।
वार्डवासियों में रमेश, सुरेन्द्र, मुरारी, सीमा, सुरेंद्र, प्रीति, सुमित्रा रानी, किरण, सुरेश, किरण, सरोज, शीला, संतोष ने बताया कि उनके घर नागरिक अस्पताल के साथ वाली गली में स्थित है। उनके घरों में पिछले काफी समय से पानी की एक बूंद तक नहीं पहुंची है। इसके चलते उन्हें दूर दराज से पानी लाकर घरेलू जरूरतों को पूरा करना पड़ रहा है। वहीं पीने के लिए भी पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। वार्डवासियों ने समस्या के समाधान न होने पर मटके फोड़कर, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
वार्डवासियों की मानें तो इसके बारे में कई बार विभाग को अवगत करवाया जा चुका है। बीते माह भी कनिष्ठ अभियंता सचिन कौशिक ने चार दिन में समाधान करने का आश्वासन दिया था। साथ ही कहा था कि उनके कनेक्शन द्वितीय जलघर से जोड़ दिए जाएंगें। लेकिन बीस दिन से अधिक होने पश्चात भी उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। वार्डवासियों ने बताया कि यदि सोमवार तक उनकी पानी की समस्या का नियमित रूप से समाधान नहीं हुआ तो वे जलघर को ताला जड़कर जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर धरना देंगे। इस बारे में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता सचिन कौशिक ने बताया कि आगामी तीन-चार दिनों में वार्डवासियों की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। भविष्य में पानी की समस्या नहीं आएगी।