भिवानी। नगर परिषद हाउस की बैठक सोमवार को नाटकीय ढंग से अचानक रद्द हो गई। हुआ यूं कि नगर परिषद कार्यालय में तय कार्यक्रम के अनुसार नप हाउस की बैठक में नप चेयरमैन, वाइस चेयरमैन और अधिकतर पार्षद पहुंच गए, मगर एक घंटा इंतजार के बाद भी नप के कार्यकारी अधिकारी नहीं पहुंचे। जिनकी गैर मौजूदगी में नप हाउस की बैठक नहीं हो पाई। नप चेयरमैन और पार्षदों ने भी ईओ के पास काफी बार फोन मिलाए, मगर कोई जवाब नहीं मिला। एक घंटे तक इंतजार के बाद नप हाउस की बैठक स्थगित होने का ऐलान कर दिया गया। अब अगले सप्ताह बैठक तय की जाएगी। नप की बैठक में शहर के विकास कार्यों को लेकर हंगामे के भी आसार बने थे, क्योंकि पार्षद अपने वार्डों में अधूरे कार्यों को पूरा करने का मुड बनाकर आए थे, मगर ऐन वक्त पर अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचने पर पूरा मामला ही खटाई में पड़ गया। सोमवार को नप हाउस की अंतिम बैठक होनी थी, क्योंकि आठ फरवरी को नगर परिषद कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा हो जाएगा।
-------
नप में रिक्त है सचिव पद, हांसी के ईओ संभाल रहे कार्यभार -
भिवानी नगर परिषद में सचिव का पद काफी अर्से से खाली पड़ा है। नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार भी हांसी नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी मनेंद्र श्योकंद को सौंपा गया है। मनेंद्र हांसी से भिवानी नगर परिषद कार्यालय में सप्ताह में मुश्किल से दो से तीन बार ही आ पाते हैं। कभी कभार तो हफ्ते में एक ही चक्कर लग पाता है। नगर परिषद ने सोमवार को नप हाउस की बैठक तय की थी, ये बैठक खुद नप के कार्यकारी अधिकारी ने ही तय की थी, जिसकी सूचना सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ और नगर आयुक्त राहुल नरवाल के समक्ष भी भेजी गई थी। बैठक में सांसद और विधायक की उपस्थित होना तो दूर जिस अधिकारी की अनुमति पर बैठक तय हुई थी वही नहीं पहुंचे। नियम के अनुसार बैठक में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी या सचिव में एक अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य है या दोनों अधिकारी मौजूद रहे तो बेहतर है। मगर कार्यकारी अधिकारी के अचानक बैठक में नहीं पहुंचने से पार्षदों के मंसूबे धरे के धरे रह गए और नप की भावी प्लानिंग भी टेबल पर ही पड़ी रही।
काफी बार मिलाए फोन नहीं मिला रिस्पांस -
नगर परिषद के उपाध्यक्ष मामनचंद प्रजापति ने बताया कि कार्यकारी अधिकारी ने ही बैठक तय की थी। हांसी के कार्यकारी अधिकारी के पास भिवानी नप का अतिरिक्त चार्ज है। वे हांसी से ही सोमवार को भिवानी नहीं पहुंचे। कई बार फोन मिलाए मगर कोई जवाब भी नहीं आया। वे बैठक में किस वजह से नहीं पहुंचे, यह तो बाद में ही स्पष्ट हो पाएगा, फिलहाल नप हाउस की बैठक उनके बगैर नहीं हो पाई। अब नप हाउस की बैठक के लिए अगली तारीख तय की जाएगी।
दस में से सिर्फ दो महिला पार्षद ही बैठक में शामिल होने पहुंची -
नप हाउस की बैठक में 31 वार्डों में दस वार्ड महिला आरक्षित हैं। लेकिन नप हाउस की अंतिम बैठक में भी सिर्फ दो महिला पार्षद ही पहुंची। जबकि 15 से 20 पार्षद भी बैठक में शामिल होने पहुंचे। नप की बैठक में तकनीकी शाखा के कर्मचारी भी मौजूद थे, मगर बैठक कोई अधिकारी नहीं पहुंचा।
वर्जन:::
नप हाउस की बैठक की सूचना सभी पार्षदों को हो चुकी थी, सभी तय समय पर पहुंच गए। कार्यकारी अधिकारी नहीं पहुंचे। इस वजह से बैठक को स्थगित करना पड़ा। बैठक अगले सप्ताह में फिर से निर्धारित की जाएगी।
- रणसिंह यादव, चेयरमैन, नगर परिषद भिवानी।
-----