भिवानी। तिगड़ाना गांव की बिजली सप्लाई को मंढाणा फीडर से हटाकर भिवानी फीडर से जोड़ने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बिजली निगम के एसई को बुधवार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि मंढाणा फीडर से अधिक दूरी के कारण गांव में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है और पर्याप्त वोल्टेज भी नहीं मिल पा रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में गांव तिगड़ाना की बिजली सप्लाई मंढाणा फीडर से जुड़ी हुई है जिससे दूरी अधिक होने के कारण तकनीकी खामियां लगातार सामने आती रहती हैं। मामूली आंधी या मौसम खराब होने पर भी घंटों बिजली गुल रहती है जिससे बच्चों की पढ़ाई और खेती-बाड़ी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
एसई को ज्ञापन सौंपते हुए सरपंच सुरेंद्र, नवीन तिगड़ाना व मा. कर्मबीर ने कहा कि गांव की बिजली लाइन को भिवानी फीडर से जोड़ा जाए ताकि बार-बार आने वाली दिक्कतों से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि दूरी कम होने से लाइन में व्यवधान कम होंगे और ग्रामीणों को नियमित व पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सप्लाई को भिवानी फीडर से नहीं जोड़ा गया तो उनकी परेशानियां और बढ़ जाएंगी। इस दौरान अनिल परमार, अमित कुमार, मनोज, रवि व विकास भी मौजूद रहे।
तूफान से ठप हुई बिजली आपूर्ति दो दिन बाद हुई बहाल
उमरावत में टूटे पोल और तार दुरुस्त कर बहाल की गई सप्लाई
भिवानी। जिले में आए तेज अंधड़ और तूफान के कारण गांव उमरावत में बिजली के कई पोल और तार क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति ठप हो गई थी, जिसे विभाग ने दो दिन बाद बहाल कर दिया। ग्रामीणों को गर्मी के बीच भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद ग्रामीणों की मांग पर निगम के जेई और एसडीओ के निर्देशन में कर्मचारियों की टीम ने खराब मौसम के बावजूद लगातार मरम्मत कार्य किया।
बिजली निगम के एसडीओ रजनीश तिवारी ने बताया कि तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। टीम ने समन्वय के साथ काम करते हुए सुरक्षा मानकों का पालन कर पोल और तारों को ठीक किया और आपूर्ति बहाल की।