गांव तिगड़ाना में रोड जाम करते ग्रामीण।
भिवानी। जिले में जलभराव की भयंकर समस्या बनी हुई है। पानी खेतों से रिहायशी क्षेत्रों की तरफ बहने लगा है। खेतों में खड़ी फसलें नष्ट होने के बाद अब ग्रामीणों के घर गिरने का खतरा भी बढ़ गया है। मंगलवार को इस समस्या को लेकर गांव तिगड़ाना में ग्रामीणों ने जींद-भिवानी मार्ग पर करीब एक घंटे तक जाम लगाया। ग्रामीणों ने जलनिकासी की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस के पानी निकासी करवाने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला।
गांव तिगड़ाना में करीब 20 दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीण रमेश, धर्मबीर, सुरेश, संदीप और अमर ने बताया कि पानी के कारण उनके घरों में दरारें आ गई हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द पानी की निकासी कराने की मांग की।
किसान सभा ने मंत्री श्रुति चौधरी के समक्ष उठाई जलभराव की समस्याएं
भिवानी। अखिल भारतीय किसान सभा का प्रतिनिधिमंडल दांग बलियाली के बीच भिवानी-घग्गर ड्रेन का मुआयना करने के लिए पहुंचा और टूटी हुई ड्रेन का जायजा लिया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल के सदस्य तोशाम में सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी से मिले और मांग की कि भिवानी-घग्गर ड्रेन की पटडिय़ों पर मिट्टी और रेत के कट्टे डालकर किनारों की फौरी मरम्मत की जाए। साथ ही दांग गांव से निकलने वाले रोड के नीचे तीन मोगे बंद किए जाएं पीछे का पानी निगाणा फीडर में डाला जाए और सागवान गांव का पानी बड़ी मोटरें लगाकर अलखपुरा की ओर निकाला जाए। इस अवसर पर किसान सभा के बवानीखेड़ा ब्लाक सचिव रामोतार बलियाली, तोशाम ब्लाक के प्रधान नरेन्द्र डाडम, ब्लाक कोषाध्यक्ष रणधीर सिढ़ान और दिनेश मीरान मौजूद रहे।