दिनोद गेट चौक पर वकीलों के साथ मारपीट करते युवक।
भिवानी। स्थानीय दिनोद गेट चौक पर मंगलवार सुबह दस बजे कोर्ट जा रहे दो अधिवक्ताओं पर दो युवकों ने डंडों से हमला कर दिया। हमले का सामना कर दोनों वकील हमलावरों पर भारी पड़े जिसके बाद हमलावर मौके से भाग गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें वकीलों की हिम्मत दिखाई दे रही है।
भिवानी निवासी अधिवक्ता प्रियांश बंसल और संजीव चंगिया स्कूटी से जिला न्यायालय जा रहे थे। जैसे ही वे दिनोद गेट पहुंचे वहां पहले से इंतजार कर रहे दो युवकों ने अचानक उन पर डंडों से हमला कर दिया। वकीलों ने आत्मरक्षा में हमलावरों का सामना किया और एक युवक को दबोच भी लिया लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर वह भाग गया। हमले में दोनों वकीलों को मामूली चोटें आई हैं। प्रियांश बंसल ने हमलावरों में से एक की पहचान कर ली है और इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।