हिसार/बहल। बहल पुलिस की हिरासत में लगभग 24 घंटे रहने के बाद अपने ही घर की दूसरी मंजिल से गिरकर शुक्रवार देर रात ग्राम सचिव रामप्रसाद की मौत हो गई। शनिवार को परिजनों ने अवैध रूप से हिरासत में रखकर पुलिस कर्मियों पर धक्का देकर हत्या का आरोप जड़ा और वे उनकी गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। परिजनों ने स्थानीय मंत्री पर षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगाया है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दस्तावेजों की जानकारी मांगी तो रामप्रसाद दूसरी मंजिल से खुद कूद गया और उसकी मौत हो गई। बता दें कि रामप्रसाद के खिलाफ ग्राम पंचायत का रिकॉर्ड नहीं देने के मामले में इसी साल तीन जनवरी को बहल पुलिस थाना में केस दर्ज हुआ था। इसके बाद सीआईए भिवानी ने पूछताछ की थी।
बहल पुलिस की हिरासत में लिए गए ग्राम सचिव रामप्रसाद की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत होने से परिजनों में रोष है। पुलिस 5 जनवरी की शाम रिकवरी और पूछताछ के लिए मृतक के गांव आर्य नगर पहुंची थी। वहीं दिनभर आजाद नगर थाना में मृतक के परिजनों और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर चलता रहा, लेकिन परिजन मांगों पर अड़े हैं। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
मालूम हो कि पुलिस को दी शिकायत में बीडीपीओ बहल ने बताया था कि ग्राम पंचायत बहल, सुरपुरा खुर्द व सोरड़ा कदीम का चार्ज ग्राम सचिव रामप्रसाद बहल के पास था। लेकिन नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने रामप्रसाद पर पंचायत का रिकॉर्ड नहीं दिए जाने का आरोप लगाया था। इस पर प्रशासन द्वारा ग्राम सचिव को निलंबित किया गया था।
शुक्रवार शाम 7:12 बजे चार पुलिसकर्मी ग्राम सचिव को घर लेकर आए, 7.15 बजे उठा ले गए
आजाद नगर थाना पहुंचे आर्य नगर निवासी शंकर लाल ने बताया कि भाई रामप्रसाद ग्राम सचिव के पद पर कार्यरत थे। सीएम विंडो पर शिकायत आने के बाद वे 9 दिसंबर 2022 से निलंंबित चल रहे थे। 3 जनवरी को बहल थाना पुलिस ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। 4 जनवरी की शाम को बहल थाना पुलिस आर्य नगर स्थित घर से भाई को साथ ले गई। पुलिस ने रामप्रसाद को अवैध तौर पर हिरासत में रखा। शुक्रवार 5 जनवरी को शाम 7:12 बजे बहल थाना पुलिस के 3 से 4 पुलिसकर्मी रामप्रसाद को लेकर घर आए और रिकवरी की बात कही। इसके बाद पूछताछ के बहाने रामप्रसाद को दूसरी मंजिल पर ले गए। कुछ समय बाद करीब 7:15 बजे रामप्रसाद दूसरी मंजिल से गिरता है और पुलिस उसे उठाकर ले जाती है। आरोप है कि पुलिस कर्मचारियों ने रामप्रसाद को छत से धक्का दिया, इस कारण उसकी मौत हुई।
कनाडा से आज गांव पहुंचेगा बेटा अमन
शंकरलाल ने बताया कि भाई रामप्रसाद का बेटा अमन कनाडा में रहता है। बेटी संध्या चंडीगढ़ में प्राइवेट जॉब करती है। दुखद समाचार मिलने पर बेटी घर पहुंच गई है और बेटा अमन रविवार तक पहुंच जाएगा। शंकर का कहना है कि शव के बारे में जब पुलिस से पूछा तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर आजाद नगर थाना पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हुए तो शव नहीं उठाएंगे।
मृतक के परिजनों ने शिकायत दी है। आजाद नगर थाना प्रभारी को जांच करने के बाद कानून के हिसाब से कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
- राजेश कुमार मोहन, एएसपी, हिसार
बहल के ग्राम सचिव रामप्रसाद के खिलाफ बीडीपीओ बहल विनोद सांगवान की शिकायत पर सरकारी रिकॉर्ड के गबन का केस दर्ज किया था। केस के सिलसिले में पूछताछ के लिए बहल पुलिस ने सचिव को हिरासत में लिया था। सचिव ने पुलिस को बताया कि रिकॉर्ड उसके घर की दूसरी मंजिल पर रखा है। उसके बताए अनुसार पुलिस सचिव को उसके घर ले गई। इसी दौरान वह खुद छत से नीचे कूद गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
- सुमित कुमार, एसएचओ, बहल