भिवानी। कौशल विकास व औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से बुधवार को आईटीआई में दाखिला लेने के लिए पहली मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है। मेरिट सूची में शामिल आवेदक दाखिला लेने के लिए दस्तावेजों के सत्यापन करवाने में जुट गए हैं।
वीरवार शाम साढ़े छह बजे प्रदेश भर में 4429 आवेदकों के दस्तावेज सत्यापित किए जा चुके हैं। जबकि 3369 आवेदक अपना दाखिला सुनिश्चित कर चुके हैं। अगर अकेले वीरवार के दिन की बात की जाए तो प्रदेश भर की आईटीआई में 3984 आवेदकों के दस्तावेज जांचे गए और 3178 आवेदकों ने अपना दाखिला लेना सुनिश्चित किया।
वहीं, भिवानी स्थित महिला आईटीआई में वीरवार को 21 दाखिले किए गए। इनमें से भी छात्राओं का रुझाान कोपा ट्रेड की तरफ ज्यादा रहा। वीरवार को महिला आईटीआई भिवानी में कोपा ट्रेड में 11 छात्राओं के दाखिले हुए। इसके अलावा सिविंग ट्रेड में एक छात्रा, इलेक्ट्रॉनिक में दो छात्राओं, सरफेस ऑर्नामेंट्स ट्रेड में चार छात्राओं ने और ब्यूटीशियन ट्रेड में तीन ने छात्राओं ने दाखिला लिया।
दाखिले के लिए ये दस्तावेज जरूरी
मेरिट सूची जारी होने के बाद आवेदक अपने दस्तावेज वेरिफिकेशन करवाने के लिए दाखिला संबंधित आईटीआई में पहुंच रहे हैं। लेकिन कुछ आवेदक अपने साथ जरूरी दस्तावेज साथ में लेकर नहीं पहुंच रहे। इसके कारण उन्हें दाखिले में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए दस्तावेज वेरिफिकेशन के दौरान अपने साथ परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, आठवीं, दसवीं या बारहवीं कक्षा की मार्कशीट, बैंक की पासबुक और आईटीआई कॉलेज के द्वारा बताए गए दस्तावेजों को लेकर पहुंचे।
दो जुलाई तक होगी फीस जमा
पहली मेरिट सूची में शामिल आवेदक अपने दस्तावेजों की वेरिफिकेशन करवाने के बाद दो जुलाई तक कोर्स की फीस भरना सुनिश्चित करें। बिना फीस भरे दाखिला सुनिश्चित नहीं होगा। इस स्थिति में सीट रिक्त मानी जाएगी और अगली मेरिट लिस्ट के लिए आईटीआई की तरफ से पोर्टल पर रिक्त प्रदर्शित की जाएगी।
पहली मेरिट सूची में शामिल आवेदकों के दस्तावेज सत्यापित किए जा रहे हैं। वीरवार को विभिन्न ट्रेड में 21 दाखिले किए गए। इसके अलावा आवेदक दस्तावेज सत्यापन के लिए अपने साथ बताए गए सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज साथ लेकर आएं ताकि उन्हें बार-बार दाखिला के लिए आईटीआई के चक्कर न काटने पड़े।
-राजीव कुमार, प्लेसमेंट इंस्ट्रक्टर, महिला आईटीआई भिवानी।