शहर के सराय चौपटा से किरोड़ीमल मंदिर की तरफ जाने वाले बाजार स्थित एक जूतों की दुकान पर बाल श्रम कर रहे बच्चे को रेस्क्यू किए जाने पर वीरवार शाम को बवाल हो गया। बच्चे को रेस्क्यू करने पहुंची बाल कल्याण समिति व मानव तस्करी विरोधक स्टेट क्राइम ब्रांच टीम सदस्यों के साथ भी दुकानदारों ने धक्का-मुक्की और बदसलूकी की। इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
वहीं दुकानदारों ने भी सिटी पुलिस थाना एसएचओ को फोन कर बच्चे के अपहरण की सूचना दी। संयुक्त टीम ने बच्चे को मुश्किल से रेस्क्यू किया और उसका नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने दुकानदारों के खिलाफ शहर पुलिस थाना में शिकायत देकर सरकारी कार्य में बाधा डालने और टीम सदस्यों के साथ बदसलूकी किए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मानव तस्करी विरोधक स्टेट क्राइम ब्रांच टीम इंचार्ज एसआई संजय, एएसआई कपिल देव, एचसी जयवीर, बाल कल्याण समिति सदस्य सतेंद्र तंवर, बाल संरक्षण अधिकारी संदीप कुमार, श्रम विभाग के निरीक्षक प्रदीप कुमार ऑपरेशन मुस्कान के तहत वीरवार को शहर के सराय चौपटा से किरोड़ीमल मंदिर की तरफ जाने वाले रास्ते पर एक जूते की दुकान से बाल मजदूरी कर रहे 15 साल के बच्चे को रेस्क्यू किया। जब टीम बच्चे को लेकर गाड़ी की तरफ बढ़ रही थी तो इसी दौरान दुकानदार व अन्य दुकानदारों ने टीम सदस्यों के साथ बदसलूकी की और बच्चे को भी टीम से छीनने का प्रयास किया। इस दौरान काफी हंगामा हुआ और तमाशबीन भी जुट गए। वीडियो भी बनाई गई। जो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई।
वीडियो में टीम सदस्यों के साथ छीनाझपटी की जा रही है। वहीं दुकानदार सदस्यों के साथ बदसलूकी कर रहे हैं। इसी बीच किसी दुकानदार ने सिटी पुलिस थाना एसएचओ के पास भी बच्चे के अपहरण की गलत सूचना दी। टीम बच्चे को लेकर शहर थाना पुलिस पहुंची। जहां आरोपी दुकानदारों के खिलाफ रेस्क्यू में बाधा डालने और बदसलूकी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
वीरवार को संयुक्त टीम ने नाबालिग बच्चे को रेस्क्यू किया। इसका नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराकर उसे बाल कल्याण समिति कार्यालय लाया गया। जहां उसके परिजनों को सौंप दिया।
- सतेंद्र तंवर, सदस्य, बाल कल्याण समिति।