आज से होंगी अंडर-14 की खेल प्रतियोगिताएं, कैलेंडर जारी
भिवानी। शिक्षा निदेशालय अंडर-14 के स्कूली विद्यार्थियों की भी खेल प्रतियोगिता शुरू करवाने जा रहा है। इन प्रतियोगिता का लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। भिवानी जिले में खंड स्तर पर 10 और 11 नवंबर तक प्रतियोगिता करवाई जाएंगी। इनमें विजेता विद्यार्थियों की 12 से 13 नवंबर को जिला स्तर पर प्रतियोगिता होगी। जो खिलाड़ी जिला स्तर पर विजेता होगा उसकी 29 और 30 नवंबर को राज्य स्तर पर प्रतियोगिता होगी।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को वर्ष 2021-22 की 66वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता पार्ट एक का कैलेंडर स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया दिल्ली द्वारा आदेश जारी हुए है। इसमें स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 66वां राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2021-22 का आयोजन दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक किया जाना है। राज्य स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को उचित इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा।
ब्लॉक, जिला के बाद होंगे राज्य स्तर पर मैच
राज्य स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले स्कूली विद्यार्थियों को खंड और जिला स्तर पर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना होगा। इनमें विजेता खिलाड़ी का ही राज्य स्तर पर चयन होगा। खंड स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को किया जाएगा। खंड स्तर पर खो-खो, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती की प्रतियोगिता आयोजन होगी, इनमें विजेता खिलाड़ी की 11 से 14 नवंबर पर जिला स्तर पर प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इनमें विजेता खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन होगा। वहीं भिवानी में जिला स्तर पर प्रतियोगिता 12 और 13 नवंबर को आयोजित होगी।
भिवानी में जिला स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताएं
भिवानी जिले में 12 नवंबर को भीम स्टेडियम में वालीबाल, एथलेटिक्स, फुटबाल, बास्केटबाल, वुशू, वेट लिफ्टिंग, मलखंभ, हॉकी, आर्चरी, जूडो की प्रतियोगिता होगी। वहीं हलवासिया स्कूल में स्केटिंग, लक्ष्य एकेडमी एमसी कॉलोनी में शूटिंग, बीआरसीएम बहल में स्वीमिंग, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी में टेबल टेनिस की प्रतियोगिता होगी। वहीं 13 नवंबर को भीम स्टेडियम में कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, योगा, साफ्टबाल, जिम्नास्टिक, लॉन टेनिस, बैडमिंटन की प्रतियोगिता होगी।
जिलानुसार राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता की तिथि
राज्य स्तर पर फतेहाबाद जिले का वालीबाल की प्रतियोगिता 15 से 16 नवंबर, करनाल में एथलेटिक्स और फुटबाल की प्रतियोगिता 15 से 17 नवंबर, हिसार में बास्केटबाल प्रतियोगिता 15 से 16 नवंबर, पंचकूला में स्केटिंग, मलखंभ की प्रतियोगिता 17 से 18 नवंबर, कुरुक्षेत्र में हॉकी, कुश्ती, शूटिंग प्रतियोगिता 17 से 18 नवंबर, सिरसा में खो-खो और शूटिंग प्रतियोगिता 17 से 18 नवंबर, जींद में वुशू और कबड्डी प्रतियोगिता 16 से 18 नवंबर, रोहतक में तीरंदाजी व बेसबाल प्रतियोगिता 17 से 18 नवंबर, गुरुग्राम में टेबल टेनिस, तैराकी व जूडो प्रतियोगिता 17 से 18 नवंबर, भिवानी में योगासन प्रतियोगिता 29 से 30 नवंबर, फरीदाबाद में साफ्टबाल प्रतियोगिता 22 से 24 नवंबर, अंबाला में जिम्नास्टिक और बैडमिंटन प्रतियोगिता एक से तीन दिसंबर, यमुनानगर में लॉन टेनिस व वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता एक से तीन दिसंबर और रेवाड़ी में स्केटिंग, कबड्डी, योग और जिम्नास्टिक प्रतियोगिता एक से तीन दिसंबर तक करवाई जाएगी।
वर्जन
स्कूली स्तर पर अंडर-14 के खिलाड़ियों की खेल स्पर्धा का शेड्यूल जारी हो गया है। इस संबंध में सभी खेल प्रशिक्षकों को खंड स्तर पर प्रतियोगिता करवाने के निर्देश जारी कर दिए है। खंड स्तर पर विजेता खिलाड़ियों की जिला स्तर पर प्रतियोगिता करवाई जाएगी।
- रामअवतार शर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, भिवानी।
वर्जन
खंड स्तर से लेकर राज्य स्तरीय खेल कैलेंडर का हम स्वागत करते हैं, लेकिन शिक्षा विभाग खेलों के आयोजन को लेकर आननफानन कदम उठा रहा है, जिससे न तो खिलाड़ियों को तैयारी का मौका मिल रहा है और न ही खेल आयोजन संबंधी व्यवस्थाएं बनाने का समय। ऐसे में अधिकतर खिलाड़ी समय पर सूचनाएं नहीं मिलने की वजह से खेल स्पर्धाओं से ही वंचित रह जाते हैं, जो खेल प्रतिभाओं के साथ धोखा है।
- राजेश ढांडा, राज्य संरक्षक, हरियाणा शारीरिक अध्यापक संघ।