बहल (भिवानी)। बहल पुलिस ने गांव मंढोली कलां में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड 12वीं की हिंदी की परीक्षा में पेपर आउट करने के मामले मेें निजी स्कूल और कोचिंग सेंटर के दो अध्यापक गिरफ्तार किए हैं।
बहल पुलिस थाने में मंढोली कलां के परीक्षा केंद्र अधीक्षक ने शिकायत दी थी। केंद्र अधीक्षक ने बताया था कि 30 मार्च को गांव मंढोलीकलां में शिक्षा बोर्ड बारहवीं का हिंदी का पेपर था। उड़नदस्ते ने निरीक्षण के दौरान मुख्य गेट पर खड़े दो लोगों के मोबाइल फोन लेकर चेक किए गए। इन दोनों ने उस दिन हरियाणा शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा के हिंदी का पेपर व्हाट्सएप के माध्यम से मंगवाकर आउट कर परीक्षार्थियों तक नकल पहुंचाई थी। इस संबंध में बहल पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। बहल पुलिस थाना के निरीक्षक हरिओम ने हिंदी के पेपर लीक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्राइवेट स्कूल में कार्यरत अध्यापक सुरेंद्र निवासी कतवार व निजी कोचिंग सेंटर में अध्यापक सुनीश निवासी सिरसा घोघड़ा के रूप में की है।